
Israel-Iran War: पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के साथ ही अब लोगों के खाने-पीने की समस्या भी बढ़ने लगी है. कई शहरों में रेस्तरां, होटल और फूड बिजनेस में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई में बाधा आने लगी है. बिजनेस सेक्टर के कई संगठनों का कहना है कि बेंगलुरु, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों में इसका असर दिखना शुरू हो गया है. यहां भोजनालय अपने रोज के कामों के लिए कमर्शियल कुकिंग गैस पर काफी ज्यादा निर्भर हैं. बता दें कि अधिकारियों ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए LPG की सप्लाई को प्राथमिकता दी है, ताकि रेजिडेंशियल कंज्यूमर्स को खाना पकाने की गैस उपलब्ध रहे. हालांकि, कुछ सेक्टर्स में इसकी कमी से समस्या बढ़ गई है.
गैस सप्लाई में समस्या
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण इंपोर्टेड गैस सप्लाई में रुकावट के बीच सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित नेचुरल गैस के बंटवारे के लिए प्रायोरिटी ऑर्डर को रिवाइज किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत LPG प्रोडक्शन, CNG और पाइप वाली कुकिंग गैस को प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रखा गया है और इनकी आवश्यकताओं को पहले पूरा किया जाएगा. सरकार ने रेस्तरां, होटल और अन्य इंडस्ट्री से LPG सप्लाई के अनुरोधों की जांच करने के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) के 3 कार्यकारी निदेशकों का एक पैनल गठित किया है. इन राज्यों में गैस सप्लाई में रुकावट की समस्या काफी बढ़ी है.
गैस सप्लाई में बाधा के चलते बंद हो सकते हैं रेस्तरां
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार (10 मार्च 2026) को कहा कि राज्य में पूरा होटल और कमर्शियल इंडस्ट्री प्रभावित हुआ है. बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने सोमवार ( 9 मार्च 2026) को कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई अचानक बंद होने के बाद से बेंगलुरु में होटल और रेस्तरां ऑपरेशन 10 मार्च 2026 से बाधित होने की संभावना है. एसोसिएशन ने बताया कि पश्चिम एशिया संघर्ष के चलते एनर्जी कॉस्ट बढ़ने और सप्लाई में आई बाधाओं से जुड़ी इस रुकावट के चलते होटलों को ऑपरेशन बंद करना पड़ सकता है. एसोसिएशन ने कहा,’ गैस सप्लाई बंद होने के कारण होटल कल से बंद रहेंगे.’
महाराष्ट्र में कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद
महाराष्ट्र में भी इसका असर देखने को मिला है. यहां LPG डीलरों का कहना है कि बाधा के चलते कुकिंग गैस की उपलब्धता प्रभावित होने लगी है, जिन उपभोक्ताओं ने रिफिल बुक किए थे, उन्हें अब 2-8 दिनों तक की देरी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि होटलों और रेस्तरां की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है और भोजनालय संकट में पड़ सकते हैं. LPG डीलरों ने आगे कहा कि होटल और अन्य प्रतिष्ठान ब्लैक मार्केट से डॉमेस्टिक सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह गैरकानूनी होने के साथ ही खतरनाक भी है.
पश्चिम बंगाल में LPG गैस का संकट
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी मौजूदा संघर्ष के चलते रेस्तरां और बेकरियों के कामकाज में रुकावटों की चिंता बढ़ रही है. केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा नॉन डॉमेस्टिक LPG सिलेंडरों के बंटवारे में देरी के चलते LPG पर निर्भर प्रतिष्ठानों ने दूसरे विकल्पों की तलाश शुरू कर दी है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। हॉस्पिटैलिटी और फूड सेक्टर्स के सूत्रों ने चेतावनी दी है कि अगर कमर्शियल LPG की सप्लाई पेंडिंग रहती है तो इससे ऑपरेशन जल्द प्रभावित हो सकता है. इसके जवाब में सरकार ने संकट से निपटने के लिए कई उपाय किए हैं, ताकि नागरिकों के दैनिक जीवन पर असर न पड़े. इसके लिए अन्य सेक्टरों के मुकाबले घरों के लिए कुकिंग गैस को प्राथमिकता दी है.




