
उत्तर प्रदेश के बरेली के आंवला क्षेत्र के खजुआई गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक की पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जिससे आहत होकर युवक ने यह कदम उठा लिया. मामले में मृतक की भाभी की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों का आरोप है कि खजुआई गांव निवासी रामसेवक की शादी सीतारानी से हुई थी. दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं. परिवार का कहना है कि कुछ समय से सीतारानी का गांव के ही धर्मवीर नाम के युवक से प्रेम संबंध चल रहा था. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस बात को लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हुआ था. रामसेवक के परिवार वालों ने कई बार सीतारानी को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया.
पत्नी के जाने से टूटा रामसेवक
मृतक की भाभी गुड़िया पत्नी जगदीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को सीतारानी अपनी बेटी को साथ लेकर घर से चली गई. जाते समय वह अपने साथ जेवर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी ले गई. परिवार को बाद में पता चला कि वह अपने प्रेमी धर्मवीर के साथ कहीं चली गई है. पत्नी के इस तरह घर छोड़कर चले जाने से रामसेवक काफी परेशान और दुखी था. परिजनों का कहना है कि वह इस बात को लेकर बहुत तनाव में रहने लगा था. देर रात रामसेवक ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.
गुड़िया के मुताबिक, रात के समय जब वह किसी काम से रामसेवक के घर गईं तो दरवाजा खुला मिला. अंदर जाकर देखा तो रामसेवक का शव फंदे से लटका हुआ था. यह देखकर वह घबरा गईं और शोर मचा दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. गांव के लोगों की मदद से रामसेवक को फंदे से नीचे उतारा गया और तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया. लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सतीश कुमार और सीओ आंवला नितिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए.
मृतक के भाई जगदीश ने पुलिस को बताया कि उन्हें शक है कि रामसेवक की हत्या की गई है. उनका आरोप है कि रामसेवक की पत्नी सीतारानी, उसके प्रेमी धर्मवीर और उनके साथियों विक्रम व सतीश ने मिलकर हत्या की और बाद में शव को फंदे से लटका दिया.
वहीं, थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है. हालांकि, मृतक की भाभी गुड़िया की तहरीर पर पत्नी सीतारानी और उसके प्रेमी धर्मवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.


