
एक कहावत है, ‘देने वाला जब भी देता, देता छप्पर फाड़ के. पर वो जो भी देता है, उसे हम कहीं ना कहीं इस्तेमाल कर सकते हैं. मगर एक महिला तो इस मुसीबत में पड़ गई है कि उसे मिला तो बहुत ज्यादा, पर वो सिर्फ 2 ही चीजों पर खर्च कर सकती है. इंग्लैंड में एक महिला दुनिया की सबसे अमीर इंसान बन गई. वो एलन मस्क से भी 1 लाख गुना ज्यादा धनवान हो गई. पर वो ये रुपये सिर्फ 2 चीजों पर खर्च कर सकती है, कॉफी और क्वासौं (croissant).
मिरर वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड के नॉटिंघम की रहने वाली 29 साल की एक महिला सोफी डाउनिंग (Sophie Downing) की किस्मत अचानक चमक गई. वो दुनिया की सबसे अमीर महिला बन गईं. एलन मस्क जो फिलहाल दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, उनसे भी 1 लाख गुना ज्यादा अमीर सोफी बन गई हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। पर समस्या ये है कि वो सिर्फ कॉफी और क्वासौं पर ही पैसे खर्च सकती हैं. इसके पीछे कारण है एक कैफे की बड़ी गलती.
वाउचर के बचे हुए अमाउंट ने बना दिया सबसे धनवान
हुआ यूं कि सोफी को क्रिसमस के मौके पर 200 डिग्री कैफे से एक वाउचर मिला. वाउचर 10 पाउंड (1200 रुपये) का था. पर उन्होंने पिछले ही हफ्ते उस वाउचर से कैफे में एक माचा लाटे खरीदा. जब उन्हें बिल मिला, तो उसमें वाउचर का बैलेंस लिखकर आया. उसे पढ़ने के बाद तो उनके होश उड़ गए, वो इसलिए क्योंकि उनके वाउचर का बचा बैलेंस 63 क्वाड्रिलियन पाउंड था यानी 63 और 15 शून्य (63,00,00,00,00,00,00,000 पाउंड). इसके हिसाब से थ्योरी के अनुसार वो अपने सबसे निकटतम प्रतिद्वंदी एलन मस्क से 1 लाख गुना ज्यादा अमीर बन गईं. अगर आपको ये आंकड़ा और गहराई से समझना है तो समझ लीजिए कि उनके वाउचर का बचा हुआ बैलेंस दुनिया की इकोनॉमी का 670 गुना ज्यादा है.
पूरी दुकान का सामान खरीद सकती हैं सोफी
सोफी ने कहा कि उन्हें ये देखकर बहुत हैरानी भी हुई और हंसी भी आई. सोफी के अनुसार ये गलती इस वजह से हुई होगी क्योंकि कैफे में वाउचर का बार कोड स्कैन हो गया होगा, ना की उसका अमाउंट, इस वजह से वो बार कोड के आंकड़े दर्शा रहा होगा. उन्होंने ‘नॉटिंघमशायर लाइव’ से बात की और बताया कि उन्होंने वाउचर का इस्तेमाल 12 फरवरी को किया था. उनके वाउचर में जो बचा हुआ अमाउंट है वो इतना है कि वो उससे वो पूरी दुकान का सामान खरीद सकती हैं, मगर वो ऐसा नहीं कर रही हैं, क्योंकि तब समस्याएं खड़ी हो सकती हैं. उन्होंने बताया कि काउंटर पर मौजूद शख्स ने भी जब अमाउंट देखा तो हैरान हुआ मगर उसने भी इसपर कोई आपत्ति नहीं जताई.


