भारतीय टीम को आईसीसी महिला टी20 वर्ल्‍ड कप के बीच जोरदार झटका लगा है। ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल टूर्नामेंट से बाहर हो गईं हैं। पाटिल के रिप्‍लेसमेंट के नाम की घोषणा हुई।

भारतीय टीम को आईसीसी महिला टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के बीच एक जोरदार झटका लगा है। युवा ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गईं हैं। टीम प्रबंधन ने पाटिल के रिप्‍लेसमेंट के रूप में अनकैप्‍ड लेग स्पिनर प्रेमा रावत को शामिल किया।

बता दें कि श्रेयंका पाटिल को बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ ग्रुप ए के मुकाबले में फील्डिंग करते समय दाएं पैर के टखने में चोट लगी थी। 23 साल की श्रेयंका अपने स्‍पेल के पहले ओवर में चोटिल हुईं और उन्‍हें स्‍ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया।

आईसीसी ने दी मंजूरी

आईसीसी ने पाटिल की जगह प्रेमा रावत को शामिल करने पर मंजूरी दे दी है। आईसीसी ने अपनी विज्ञप्ति में कहा, ‘आईसीसी महिला टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल समिति ने भारतीय टीम में श्रेयंका पाटिल के विकल्‍प के रूप में प्रेमा रावत के नाम को मंजूरी दे दी है।’

पता हो कि रावत इंग्‍लैंड में भारत ए स्‍क्‍वाड के साथ थीं और अब शेष वर्ल्‍ड कप के लिए सीनियर टीम के साथ जुड़ेंगी। 24 साल की लेग स्पिनर ने अंतरराष्‍ट्रीय डेब्‍यू नहीं किया, लेकिन घरेलू क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन करके आकर्षण का केंद्र बनीं।

भारत का क्‍या हाल

वैसे, हरमनप्रीत कौर के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्‍ड कप में अब तक धमाकेदार प्रदर्शन किया है। भारत ने शुरुआती दो मैचों में चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान और नीदरलैंड्स को मात दी। टीम इंडिया दो मैचों में 4 अंक के साथ ग्रुप1 में टॉप पर काबिज है।

भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। यह मैच मैनचेस्‍टर में खेला जाएगा। टीम इंडिया की कोशिश जीत की हैट्रिक लगाने की होगी। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम का लक्ष्‍य पहली बार टी20 वर्ल्‍ड कप खिताब जीतना है।