‘तुम पिछले जन्म की अप्सरा हो, तलाक के बाद दूसरी शादी मैं करूंगा…’, भोंदू बाबा अशोक खरात फाइल्स का एक और चैप्टर!

‘तुम पिछले जन्म की अप्सरा हो, तलाक के बाद दूसरी शादी मैं करूंगा…’, भोंदू बाबा अशोक खरात फाइल्स का एक और चैप्टर

महाराष्ट्र के नासिक में मर्चेंट नेवी के स्वयंभू कैप्टन उर्फ भोंदू बाबा यानि अशोक खरात के काले साम्राज्यों की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, पूरा प्रदेश सन्न है. खुद को त्रिकालज्ञानी और अवतारी पुरुष बताने वाले इस ढोंगी ने न केवल धर्म के नाम पर मासूमों को ठगा, बल्कि महिलाओं के सम्मान के साथ ऐसा खिलवाड़ किया जिसकी कल्पना भी रूह कंपा देने वाली है. ताज़ा मामले ने इस भोंदू बाबा के उस घिनौने चेहरे को उजागर किया है, जहां उसने एक विवाहित महिला को अप्सरा बताकर उसका जीवन नर्क बना दिया.

अशोक खरात के खिलाफ सरकारवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज मामला किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है. एक विवाहित महिला, जो अपने पारिवारिक विवादों से मानसिक रूप से टूट चुकी थी, समाधान की आस में खरात के पास पहुंची. खरात ने अपनी तथाकथित दैवीय शक्ति का पासा फेंका और महिला से कहा- तुम साधारण स्त्री नहीं, पिछले जन्म की अप्सरा हो. तुम्हारे ग्रह नक्षत्र बता रहे हैं कि तुम्हारा तलाक पहले से ही तय है.

तलाक के डर और अप्सरा होने के झूठे भ्रम में फंसी महिला को खरात ने अपने जाल में पूरी तरह जकड़ लिया. धार्मिक अनुष्ठान, भविष्यवाणियों और तांत्रिक उपायों के नाम पर उसने महिला का लगातार यौन शोषण किया. इतना ही नहीं, शोषण के दौरान जब महिला गर्भवती हो गई, तो ढोंगी बाबा खरात ने उसे अपने कार्यालय में बुलाकर उसे जबरन गर्भपात की दवाएं दीं. उसने महिला को यह कहकर भी बहकाया कि उसके भाग्य में दो शादियां लिखी हैं और वह 2025 में उससे शादी कर उसे सुखी रखेगा.

बंदूक की नोक पर साम्राज्य

अशोक खरात केवल एक ढोंगी बाबा ही नहीं, बल्कि मिरगांव इलाके का एक आतंक भी था. स्थानीय लोगों के अनुसार, खरात हर शनिवार और रविवार को अपने आलीशान फार्महाउस पर आता था. वह सुबह 10-12 किलोमीटर साइकिलिंग करता था, लेकिन इस दौरान उसकी कमर में हमेशा लोडेड बंदूक बंधी रहती थी. ग्रामीणों का आरोप है कि उसने अपनी दहशत के दम पर कई किसानों की जमीनें हड़पीं और विरोध करने वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाए. हाल ही में पुलिस ने उसके फार्महाउस के वॉचमैन, कर्मचारियों और मंदिर के पुजारी से लंबी पूछताछ की है, जिससे उसके आपराधिक नेटवर्क के नए सुराग मिले हैं.

अघोरी कृत्य और हाई-टेक ठगी

एसआईटी (SIT) की जांच में खरात के पास से ऐसे उपकरण मिले हैं जो किसी को भी हैरान कर सकते हैं. वो लोगों को डराने और अपना प्रभाव जमाने के लिए मंदिर परिसर में नकली सांप और बाघ की खाल रखता था. खरात रिमोट से चलने वाले नकली सांपों का इस्तेमाल करता था. जब श्रद्धालु आते, तो वह सांप को रिमोट से हरकत करवाता और इसे अपना दैवीय चमत्कार बताता. बाजार में 100 रुपये में मिलने वाले जंगली चिंचोके (बीज) को पॉलिश कर वह उन्हें चमत्कारी रत्न बताकर 10 हजार से 1 लाख रुपये तक में बेचता था. उसकी संपत्तियों से अघोरी पूजा, काले जादू के साक्ष्य और कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं.

150 विदेश यात्राएं और लग्जरी लाइफ

जांच एजेंसियां अब खरात की आलीशान जीवनशैली और उसके फंड के स्रोतों की जांच कर रही हैं. यह जानकर अधिकारी भी हैरान हैं कि इस भोंदू बाबा ने लगभग 150 अंतरराष्ट्रीय यात्राएं की हैं. हाल ही में उसकी दक्षिण कोरिया यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं, जिसमें वह किसी आध्यात्मिक गुरु के बजाय एक आधुनिक और कूल टूरिस्ट के रूप में नजर आ रहा है. पुलिस को शक है कि इन महंगी यात्राओं के लिए पैसा काला जादू, जबरन वसूली और ठगी के जरिए जुटाया गया था.

मुख्यमंत्री और विपक्ष का कड़ा रुख

अशोक खरात का मामला अब केवल पुलिस स्टेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र विधानसभा में भी इस पर जमकर बवाल हुआ. मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने सदन को आश्वासन दिया कि यह महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का गंभीर मुद्दा है. उन्होंने कहा- शुरुआत में महिलाएं डर के कारण सामने नहीं आ रही थीं, लेकिन अब शिकायतें आ रही हैं. जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.

विजय वडेट्टीवार की मांग

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि खरात को बड़े IAS, IPS और मंत्रियों का संरक्षण प्राप्त था. उन्होंने मांग की है कि खरात की गिरफ्तारी को रोकने की कोशिश करने वाले अधिकारियों को सह-आरोपी बनाया जाए और संबंधित मंत्रियों का इस्तीफा लिया जाए.

ट्रस्ट का काला खेल

खरात शिवनिका संस्थान का अध्यक्ष था. उसने पुराने ट्रस्टियों को हटाकर अपनी पत्नी और करीबियों को जगह दी थी. इस संस्थान की ट्रस्टी रह चुकीं रुपाली चाकणकर ने स्पष्ट किया है कि ट्रस्ट की अवधि अगस्त 2025 में ही समाप्त हो चुकी है. खरात की गिरफ्तारी के बाद ट्रस्ट का बोर्ड भी दफ्तर से गायब पाया गया है, जो बड़े वित्तीय हेरफेर की ओर इशारा करता है.

अब बच निकलना नामुमकिन

नासिक पुलिस ने अब तक खरात पर तीन मामले दर्ज किए हैं. यही नहीं, नासिक के गवलाने गांव के किसान विलास जाधव ने अशोक खरात पर चौंकाने वाला आरोप लगाया है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे भाई की हत्या भोंदू बाबा अशोक खरात ने की. उस समय हमने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन भोंदू बाबा खरात के बड़े लोगों से संबंध होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई.अशोक खरात द्वारा हड़पी गई जमीन के विवाद पर अदालत फैसला देने वाली थी, लेकिन फैसले से दो दिन पहले ही भाई की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. 2022 में विलास जाधव के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कारवाई नहीं की थी.

Leave a Reply