
दुर्ग। थाना उतई क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में हुई हत्या की घटना को चंद घंटों के भीतर ही पुलिस ने सुलझा लिया। युवक की बहन ने ही घटना को अंजाम दिया था। आरोपी महिला ने पूछताछ में सिलबट्टा (लोढ़ा) से भाई के सिर पर वार कर हत्या करना स्वीकार किया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 14 नवम्बर 2026 को थाना उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची, जहां मृतक धर्मेन्द्र पाल 40 वर्ष का शव मिला। शव की बाईं आंख के ऊपर किसी ठोस वस्तु से वार के निशान मिले।
शुरू में मृतक की बहन धन्नी धनकर द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा हमला करना बताया गया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। घटनास्थल व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई।
जाँच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार किया तथा घटना में प्रयुक्त सिलबट्टा (लोढ़ा) प्रस्तुत किया, जिसे पुलिस द्वारा जप्त किया गया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
शराब पीने की आदत से थी परेशान
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, आरोपी महिला अपने भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी कारण उसने सिलबट्टा (लोढ़ा) से भाई के सिर एवं बाईं आंख के ऊपर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी का नाम
1-. धन्नी धनकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़पेण्ड्री, थाना उतई, जिला दुर्ग।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पारिवारिक विवाद एवं घरेलू तनाव की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। विवाद की स्थिति में परिवार के सदस्यों, सामाजिक प्रतिनिधियों अथवा पुलिस की सहायता लें। किसी भी प्रकार की हिंसक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



