
कोरबा। 17 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग दुष्कर्म के मामलों में दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इन दोनों वारदातों ने एक बार फिर से रिश्तों में भरोसे की आड़ में होने वाले धोखे और यौन शोषण की काली करतूतों को उजागर कर दिया है।
पहला मामला: कनकी मेले की मुलाकात और ब्लैकमेलिंग का काला खेल
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले मामले में पीड़िता ने तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19 वर्ष, निवासी पताढ़ी, हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला, हरदीबाजार) के खिलाफ उरगा थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी तुषार से उसकी मुलाकात एक धार्मिक व सामाजिक आयोजन ‘कनकी मेले’ के दौरान हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ, जिसके बाद मिलना-जुलना शुरू हो गया।
आरोप है कि इसी जान-पहचान का फायदा उठाते हुए तुषार ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने इस बात का विरोध किया और शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी दी तथा जान से मारने की नीयत से डराया-धमकाया।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती परिजनों को बताई और उरगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 351(3) और कड़े पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला पंजीबद्ध किया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। पुलिस ने 15 नवंबर को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
दूसरा मामला: दो साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण
दूसरा मामला भी इसी थाना क्षेत्र का है, 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने न्याय की गुहार लगाई है। छात्रा ने ग्राम जुनवानी (थाना उरगा) निवासी कृष्ण कुमार कंवर (21 वर्ष) के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी पिछले दो वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसाए हुए था और लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था।
शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो वह तरह-तरह के बहाने बनाकर बात को टालने लगा। अंततः आरोपी ने अलग जाति और परिवार की असहमति का बहाना बनाकर साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने थाने का रुख किया। पुलिस ने BNS की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। उरगा पुलिस ने 16 नवंबर को आरोपी कृष्ण कुमार कंवर को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस दोनों ही मामलों में आगे की कानूनी जांच और साक्ष्य संकलन में जुटी हुई है।



