रिलायंस रिटेल की निदेशक ईशा अंबानी ने शुक्रवार को कहा कि रोजमर्रा के सामान बेचने वाली इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने अगले चार वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है.

आरआईएल की वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आरसीपीएल भारत के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाला एफएमसीजी मंच है, जिसने 22,000 करोड़ रुपये का सकल राजस्व हासिल किया है और सालाना आधार पर दोगुनी वृद्धि दर्ज की है.

सबसे तेजी से बढ़ने वाली FMCG कंपनी

ईशा अंबानी ने कहा, ‘जो काम करने में हमारे प्रतिस्पर्धियों को दशक लग गए, उसे हमने महज चार साल में हासिल कर लिया. इसने हमें भारत के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाले एफएमसीजी मंच में से एक और दुनिया में कहीं भी सबसे तेजी से बढ़ने वाली उपभोक्ता उत्पाद कंपनियों में से एक बना दिया है.’ आरसीपीएल पेय पदार्थ, दैनिक आवश्यक वस्तुएं, पैकेज्ड खाद्य पदार्थ तथा घरेलू एवं व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों के क्षेत्र में एक व्यापक उपभोक्ता उत्पाद मंच विकसित कर रही है. उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 में आरआरवीएल से अलग होने के बाद आरसीपीएल अब रिलायंस इंडस्ट्रीज की प्रत्यक्ष अनुषंगी कंपनी बन गई है. ईशा अंबानी ने बताया कि कंपनी के उत्पाद अब निर्यात और फ्रेंचाइजी बिक्री के माध्यम से 40 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं.

ऐसे हासिल किया मुकाम

तीन साल पहले हमने यह विश्वास के साथ कदम बढ़ाया था कि भारत वैश्विक गुणवत्ता वाले एफएमसीजी ब्रांड भारतीय कीमतों पर तैयार कर सकता है और उन्हें अपेक्षा से कहीं अधिक तेजी से बड़े स्तर पर विकसित कर सकता है. रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने यह कर दिखाया है. इसने शून्य से एक प्रमुख राष्ट्रीय एफएमसीजी इकाई का निर्माण किया है और एक ही वर्ष में अपना राजस्व दोगुना किया है. ईशा अंबानी ने यह भी कहा कि रोजमर्रा के सामान बेचने वाली अन्य कंपनियों की तरह आरसीपीएल को भी वैश्विक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कच्चे माल और पैकेजिंग की लागत बढ़ती है तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं प्रभावित होती हैं.

पानी के कारोबार मे भी किया कमाल

हालांकि, उन्होंने कहा कि आरसीपीएल ने इस प्रभाव को उपभोक्ताओं पर डाले बिना स्वयं वहन किया. उन्होंने कहा, हमने इन झटकों को पूरी तरह व्यवसाय के भीतर ही वहन किया. उपभोक्ताकेंद्रित दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए हमने सुनिश्चित किया कि हमारे उत्पाद हर भारतीय परिवार के लिए सुलभ और किफायती बने रहें. इसके पेय पदार्थ ब्रांड ‘कैंपा’ ने वित्त वर्ष 202526 में 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की सकल बिक्री के साथ भारत का चौथा सबसे बड़ा कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड का दर्जा हासिल किया है तथा प्रमुख बाजारों में दोहरे अंक की बाजार हिस्सेदारी प्राप्त की है.वहीं बोतलबंद पानी के व्यवसाय के मामले में आरसीपीएल भारत की तीसरी सबसे बड़ी ब्रांडेड बोतलबंदपानी बेचने वाली कंपनी बन गई है. ईशा अंबानी ने कहा कि आरसीपीएल का ग्रोसरी ब्रांड ‘इंडिपेंडेंस’ जिसके तहत वह दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुएं बेचती है, उसने वर्ष के दौरान 2,600 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है और यह देश के सबसे भरोसेमंद उपभोक्ता ब्रांडों में से एक बन गया है.