भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि देश के प्रमुख तेज गेंदबाज आकाशदीप और हर्षित राणा का अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज और ब्रिटेन के सफेद गेंद के दौरे के लिए फिट होना मुश्किल है क्योंकि उन्हें पूरी तरह से मैच फिट होने में अभी कुछ समय लगेगा।

आकाशदीप फिलहाल पीठ की चोट से उबर रहे हैं जबकि राणा की घुटने की सर्जरी हुई थी। यह सर्जरी भारत में टी20 विश्व कप शुरू होने से कुछ ही दिन पहले ‘लिगामेंट’ फटने के कारण हुई थी। कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ अनुबंधित ये दोनों खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में नहीं खेल रहे हैं।
लंबा समय लगेगा
इस मामले पर नजर रख रहे बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘आकाश और हर्षित का रिहैबिलिटेशन सही ट्रैक पर है, लेकिन उन्हें मैच खेलने के लिए मंजूरी मिलने में अभी काफी समय लगेगा। अगर हम अफगानिस्तान और ब्रिटेन दौरे की बात करें तो इन दोनों के उस समय तक फिट होने की कोई संभावना नहीं है। वे अभी भी मजबूती बढ़ाने वाला व्यायाम कर रहे हैं। उसके बाद जॉगिंग, तेज चलना, स्प्रिंट और फिर ‘रिटर्न टू प्ले’ प्रोटोकॉल से जुड़े कौशल का अभ्यास होगा।’
राणा योजनाओं का एक अहम हिस्सा
आकाशदीप को ज्यादातर लाल गेंद क्रिकेट के लिए एक संभावित खिलाड़ी के तौर पर देखा जाता है जबकि राणा वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में टीम की योजनाओं का एक अहम हिस्सा हैं। 2025 में हर्षित भारत के सबसे सफल वनडे गेंदबाज के तौर पर उभरे थे, जिन्होंने 14 मैचों में 26 विकेट लिए थे।
आकाशदीप को वापसी में हर्षित से ज्यादा समय लगेगा
आकाशदीप के करियर का सबसे यादगार पल पिछले साल बर्मिंघम में एंडरसनतेंदुलकर सीरीज के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच में लिए गए 12 विकेट थे। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का मानना है कि आकाशदीप को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने में हर्षित से ज्यादा समय लग सकता है। उनके लिए वापसी का मौका अगस्त में दिलीप ट्रॉफी हो सकती है जो सीनियर पुरुषों के घरेलू सत्र की शुरुआत होती है।
IPL के बीच टीम इंडिया के लिए खुशखबरी
आईसीसी द्वारा टेस्ट रैंकिंग में सालाना अपडेट किया गया है। इसके हिसाब से भारतीय टीम को एक स्थान का फायदा हुआ है। वहीं इंग्लैंड और श्रीलंका को नुकसान उठाना पड़ा है, पाकिस्तानी टीम ने एक स्थान की छलांग लगाई है। ।





