Moradabad Aman Vicky death case:उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां मझोला थाना क्षेत्र के श्री राम चौक के पास एक खुले नाले से युवक का शव हुआ है. मृतक की पहचान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित केसरी कुंज कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अमन उर्फ विक्की के रूप में हुई है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। अमन पेशे से कार चालक था और बीते 30 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था. परिजनों के मुताबिक, वह घर से यह कहकर निकला था कि वह बुकिंग पर जा रहा है, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका.

परिवार ने पहले सोचा कि वह काम में व्यस्त होगा, लेकिन जब कई दिनों तक कोई खबर नहीं मिली तो चिंता बढ़ने लगी. चार दिन तक लगातार तलाश के बाद सोमवार सुबह करीब 10 बजे कुछ राहगीरों की नजर नाले में पड़े एक शव पर पड़ी. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए.
पुलिस घटना की जांच में जुटी
पुलिस ने जब शव की तलाशी ली तो जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान अमन उर्फ विक्की के रूप में हुई. इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके.
मृतक के पिता अशोक, जो एक पेपर मिल में काम करते हैं, उन्होंने बताया कि अमन ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. परिवार में उसकी मां राजेश्वरी और दो बहनें निशा व निशू हैं. अशोक की तबीयत अक्सर खराब रहती है, ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी अमन के कंधों पर थी. 30 अप्रैल को जब वह घर से निकला था, तब किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी विदाई होगी.
परिवार पर टूटा गमों का पहाड़
अमन की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां और बहनों का रोरोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुरादाबाद में खुले नाले लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं. जिस नाले से अमन का शव मिला, वह भी बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला पड़ा था. इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में खुले नालों को ढकने और उचित सुरक्षा उपाय करने की दिशा में तुरंत कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.





