बॉलीवुड अभिनेत्री ने कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 में भारतीय सिनेमा पर एक बड़ा बयान दिया है। अभिनेत्री ने कहा जेंडर से ज्यादा कंटेंट जरूरी है।

दरअसल, अभिनेत्री से कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 में ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ की पत्रकार अनुपमा चोपड़ा ने पुरुष दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाए जाने वाली फिल्मों और पुरुष दर्शकों को खुश करने की लगातार सोच पर सवाल उठाया। जिस पर अभिनेत्री ने अपनी राय रखी। पढ़िए एक्ट्रेस ने क्या कहा।
क्या था सवाल
एक इंटरव्यू के दौरान आलिया से अनुपमा चोपड़ा ने पूछा कि आखिर आज भी भारतीय फिल्में ज्यादातर पुरुषों की पसंद को ध्यान में रखकर क्यों बनाई जाती हैं?
तो इस पर आलिया ने जवाब में कहा “भारत में जब हम बॉक्स ऑफिस और आंकड़ों की बात करते हैं तो अक्सर एक बात सामने आती है कि सिनेमा जाने वाले 75 प्रतिशत दर्शक पुरुष हैं, इसलिए हमें बड़े पैमाने पर उन्हीं की पसंद का ख्याल रखने की जरूरत है। ये चर्चा काफी होती है। मैं सोचती हूं कि अगर हम सिर्फ पुरुषों की पसंद का ध्यान रख रहे हैं तो महिलाओं का क्या?”
जेंडर से ज्यादा कंटेंट जरूरी
“मैं ये नहीं कह रही कि पुरुषों को अलग कर दिया जाए, लेकिन हमें किसी को भी अलग करने की क्या जरूरत? हमें सिर्फ एक ही जेंडर के हिसाब से ही फिल्में क्यों बनानी पड़ती हैं? हम ऐसी फिल्में क्यों नहीं बना सकते, जो जेंडर से परे हों, जहां कहानी सबसे ज्यादा मायने रखे? फिर चाहे फिल्म में पुरुष हो या महिला, उससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए।”
हॉलीवुड से तुलना
आलिया ने आगे अपनी बात को पूरा करते हुए भारतीय सिनेमा के लिए हॉलीवुड फिल्मों को गिनवाते हुए कहा ” ‘बार्बी’, ‘वुदरिंग हाइट्स’ और ‘द डेविल वियर्स प्राडा’। ये तो बस कुछ उदाहरण हैं। मुझे यकीन है कि ऐसी और भी बहुत सी फिल्में हैं, और उनकी मुख्य दर्शक शायद महिलाएं ही थीं। उम्मीद है कि भारतीय सिनेमा में भविष्य में ऐसी फिल्में और ज्यादा देखने को मिलेंगी जिनकी मुख्य दर्शक महिला हो।”
कांस में दूसरी बार
2025 में अपने डेब्यू के बाद इस साल भी अभिनेत्री आलिया भट्ट कांस फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर नजर आईं है। पीच कलर के बॉडी फिटिड गाउन, खुले बाल और 168.27 कैरेट के रेयर गुलाबी मूंगे के हार में अभिनेत्री की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इस बार एक्ट्रेस ने ब्रांड लोरियल पैरिस की ग्लोबल एंबेसेडर के तौर पर रेड कार्पेट पर वॉक किया है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। आलिया जल्द ही ‘अल्फा’ और ‘लव एंड वार’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगी।





