
Meerut : उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाली और रूह कंपाने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में एक कसाई बने पिता ने अपनी दूसरी पत्नी सौतेली मां के साथ मिलकर अपनी 17 वर्षीय सगी बेटी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। लोकलाज और पुलिस के डर से आरोपियों ने सुबह-सुबह गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे जो चौंकाने वाली वजह सामने आई है, उसने पुलिस अफसरों के भी होश उड़ा दिए हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पिता को दबोच लिया है।
पहली पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद रचाई थी दूसरी शादी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हापुड़ के पन्नापुरी के रहने वाले भूपेंद्र शर्मा ने भावनपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन प्रीति की शादी साल 2009 में कपिल भारद्वाज के साथ हुई थी। शादी के बाद प्रीति ने एक बेटी खुशी उर्फ खुशबू और एक बेटे राधे को जन्म दिया। साल 2017 में प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बहन की मौत के महज छह महीने बाद ही कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरा विवाह कर लिया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इसके बाद से खुशी 17 और उसका छोटा भाई राधे अपनी सौतेली मां और पिता के साथ गोकुलधाम सोसाइटी में रह रहे थे।
पड़ोसी के एक फोन से खुला कत्ल का खौफनाक राज
खुशी 12वीं कक्षा की छात्रा थी और अपनी पढ़ाई में जुटी थी। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा को गोकुलधाम सोसाइटी के एक पड़ोसी ने गुपचुप फोन कर सूचना दी कि उनकी भांजी खुशी की मौत हो गई है और घरवाले बिना किसी को बताए चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर रहे हैं। यह सुनते ही मामा के पैरों तले से जमीन खिसक गई। वे आनन-फानन में परिवार के साथ मेरठ पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी शव को ठिकाने लगा चुके थे। इसके बाद परिजनों ने सीधे पुलिस से संपर्क कर हत्या की शिकायत दर्ज कराई।
‘मोबाइल चलाती थी इसलिए मार डाला’… पुलिस को गुमराह करता रहा हत्यारा पिता
शिकायत मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आरोपी पिता कपिल को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर कपिल ने अपना जुर्म तो कबूल कर लिया, लेकिन वह लगातार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। शातिर पिता ने पुलिस के सामने कहानी गढ़ी कि खुशी की स्कूल से लगातार शिकायतें आ रही थीं और वह दिन-भर मोबाइल चलाती थी, जिससे गुस्से में आकर उसने बेटी को मार डाला। उधर, जब महिला पुलिसकर्मियों ने सौतेली मां पिंकी से पूछताछ की, तो वह भी बीमारी से मौत का बहाना बनाकर पुलिस को बरगालाती रही।
सच जानकर पुलिस भी हैरान, जायदाद के लालच में ली मासूम की जान
पुलिस की प्राथमिक जांच और कड़ाई से की गई पूछताछ में जो असलियत सामने आई, उसने सबको सन्न कर दिया। जांच में पता चला है कि कुछ समय पहले सौतेली मां पिंकी ने भी एक बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद से ही दोनों आरोपियों ने पहली पत्नी की बेटी खुशी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। हत्या की असली वजह संपत्ति का लालच थी। आरोपी पिता और सौतेली मां नहीं चाहते थे कि कपिल की करोड़ों की जायदाद में पहली पत्नी की बेटी खुशी को कोई हिस्सा या हक देना पड़े। इसी प्रॉपर्टी के लालच में दोनों ने मिलकर 17 साल की मासूम का गला घोंट दिया।
एसएसपी बोले- आरोपी पिता गिरफ्तार, सौतेली मां से पूछताछ जारी
इस पूरे सनसनीखेज मामले पर मेरठ के एसएसपी (SSP) अविनाश पांडेय ने बताया कि मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा की तहरीर पर आरोपी पिता कपिल भारद्वाज और सौतेली मां पिंकी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारे पिता कपिल को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। सौतेली मां पिंकी की भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस और फोरेंसिक टीमें मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक जांच कर रही हैं ताकि आरोपियों को अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।





