‘पत्नी काला कहकर मारती है ताने….आईफोन-AC मांगती है’ ब्लैकमेलिंग से परेशान कमल किशोर ने पुलिस के सामने लगाई गुहार

Gwalior Family Dispute: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पारिवारिक विवाद का अनोखा मामला सामने आया है. मां और बेटे ने बहू पर सांवले रंग को लेकर ताने देने, मारपीट करने, iPhone और AC की डिमांड करने व आत्महत्या की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. पीड़ित परिवार ने एसपी ऑफिस पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है

Gwalior Family Dispute: भोपाल की ट्विशा शर्मा, जयपुर की अनु मीणा, नोएडा की दीपिका और लखनऊ की श्वेता सिंह की मौत से अभी दहेज और बहू की प्रताड़ना की चर्चा जोरों पर है. लोगों में इन घटनाओं को लेकर खूब उबाल है. इसी बीच मध्य प्रदेश के ग्वालियर से इसके ठीक विपरीत मामला सामने आया है. यहां पत्नी नहीं बल्कि पति ही प्रताड़ना का शिकार है. उसने अपने परिवार के साथ एसपी ऑफिस जाकर पत्नी से बचाने की गुहार लगाई है. 

पति का आरोप है कि पत्नी उसे काला कहकर ताने मारती है. आईफोन देने और घर में एसी लगवाने की जिद करती है. डिमांड पूरी नहीं होने पर सुसाइड करने की धमकी देती है. पति का आरोप है कि पत्नी ने दो बार इसकी कोशिश भी की है. पीड़ित पति और उसकी मां ने बहू की करतूतों के वीडियो पुलिस को सौंपे हैं. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. 

क्या है पूरा मामला ? 

ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोशपुरा नंबर 1 के रहने वाले कमल किशोर अपनी मां अतर देवी के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे. अतर देवी ने बताया कि उनकी बहू लतेश माहौर लगातार पूरे परिवार को प्रताड़ित कर रही है. दहेज के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर बहू अत्याचार कर रही है. 

‘इन्हें इतना तंग करो कि…’ बहू के घर वालों पर गंभीर आरोप 

अतर देवी का आरोप है कि बहू घर में खाना नहीं बनाती और न ही कोई काम करती है. शादी में मिला पूरा जेवर और सामान बहू के कब्जे में है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। मेरे बेटे का रंग काला है इसलिए बहू उसे काला बोलकर ताने मारती है और मारपीट करती है. आईफोन और AC की डिमांड करती है. मना करने पर आत्महत्या की धमकी देती है. 

पीड़ित सास ने बताया कि बहू के माता-पिता उसे भड़काते हैं. कहते हैं कि इन्हें इतना तंग करो कि यह तलाक दे दें. एक दिन पहले ही बहू ने दुपट्टे से फांसी लगाने का प्रयास किया था. मामले की शिकायत किलागेट थाने में भी की थी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की. मजबूर होकर एसपी ऑफिस आना पड़ा. एसपी ऑफिस में शिकायत सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है. ग्वालियर थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं.

आमतौर पर ससुराल में बहू के प्रताड़ित होने के मामले सामने आते हैं, लेकिन यहां मामला उल्टा है. बहू से परेशान सास और पति न्याय के लिए भटक रहे हैं. पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि सच्चाई क्या है. फिलहाल पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है. 

Leave a Reply