हरियाणा में घर से 10 किमी दूर कार में मृत मिले दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल, ड्यूटी के बाद नहीं लौटे थे घर

दिल्ली पुुलिस के कांस्टेबल हरियाणा के रोहतक रोड पर रोहद टोल के पास कार में मृत अवस्था में पाए गए। कांस्टेबल सुधीर (38) उत्तर-पश्चिम जिले के आदर्श नगर पुलिस थाने में तैनात थे। ड्यूटी से घर न पहुंचने पर स्वजन ने पुलिस को सूचित किया।

इसके बाद रोहतक जिले की सांपला थाना पुलिस राेहद टोल के पास पहुंची। सुधीर कार में बेसुध हालत में मिले, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि वे बीमार नहीं थे। उधर, हरियाणा पुलिस ने प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई है।

सीजेपी के प्रदर्शन में की थी ड्यूटी
उत्तर-पश्चिम दिल्ली जिला पुलिस के अधिकारी ने बताया कि आदर्श नगर थाने में तैनात कांस्टेबल सुधीर के असामयिक निधन की जानकारी मिली है। आठ जून को सुबह 9:35 बजे सुधीर के जीजा सहदेव से सूचना मिली कि सुधीर ड्यूटी के बाद घर नहीं लौटे हैं।

इसके बाद हरियाणा के रोहतक रोड पर रोहद टोल के पास हुंडई आइ-20 कार में एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में मिला। सुधीर मूल रूप से झज्जर जिले के आसौदा गांव के रहने वाले थे। सुधीर ने जंतर-मंतर पर हुए काकरोच जनता पार्टी के कार्यक्रम में ड्यूटी की थी।

सुधीर की कार कनक ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी मिली। जब काफी देर तक कार में कोई गतिविधि नहीं हुई तो राहगीरों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। दिल्ली पुलिस में तैनात उनके जीजा सहदेव ने बताया कि जहां से सुधीर की कार बरामद हुई है।

वहां से उनका घर करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर है। सांपला थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। सुधीर की मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है या फिर दम घुटने की वजह से हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।

ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply