
मुजफ्फरपुर। पारू थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में देर रात शराब कारोबारी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों और ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस टीम को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें एक महिला सिपाही सहित कुल आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में पुलिस की गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और पुलिस उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
रात 2 बजे छापेमारी करने पहुंची थी पुलिस
जानकारी अनुसार, पारू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दामोदरपुर गांव में शराब धंधेबाज बड़ी खेप के साथ मौजूद है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर देर रात लगभग 2 बजे पुलिस की टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची। जैसे ही पुलिस ने चिन्हित धंधेबाज को दबोचा, उसके समर्थन में स्थानीय ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दर्जनों लोगों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन के पिछले हिस्से को ईंट-पत्थरों से मारकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
घायलों में चार की हालत गंभीर, एसकेएमसीएच रेफर
इस हिंसक झड़प में आठ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार पुलिसकर्मियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। अन्य चार पुलिसकर्मी प्राथमिक इलाज के बाद थाने लौट आए हैं।
दर्ज होगी प्राथमिकी, उपद्रवियों पर कसेगा शिकंजा
घटना के बाद पारू थाना पुलिस और जिला बल ने दामोदरपुर गांव में उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए काम्बिंग आपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। चिन्हित उपद्रवियों के खिलाफ नामजद और अज्ञात के रूप में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
घायल पुलिसकर्मियों की सूची
एसकेएमसीएच रेफर किए गए कर्मी: सन्नी कुमार (31 वर्ष), पुलकित कुमार (30 वर्ष), रामभरोस यादव (50 वर्ष) और महिला सिपाही पुष्पा कुमारी (26 वर्ष)।





