
- बेरोजगारी और भुखमरी को ठहराया जिम्मेदार
झांसी : साहब, हमें बेरोजगारी व भूखमरी ने बाइक चोर बना दिया है। मजदूरी भी ठीक तरह से नहीं मिल रही है। जैसे ही वह जेल से जमानत होकर बाहर आएगा, तो फिर से मोटर साइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देगा। बबीना थाने की पुलिस ने एक क्रिमिनल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की दो मोटर साइकिल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में बबीना थाने की पुलिस शातिर अपराधियों की तलाश में लगी थी। तभी सूचना मिली कि एक क्रिमिनल अम्बेडकर नगर से हाईवे पर जाने वाले रास्ते के बीच जंगल में खड़ा है। उसके पास चोरी की दो मोटर साइकिल हैं। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। वह चोरी की मोटर साइकिल खरीदने आने वाले व्यक्ति का इंतजार कर रहा है। इस सूचना पर गई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को मय मोटर साइकिल समेत पकड़ लिया और थाना लाकर उससे पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, बबीना थाना क्षेत्र के आरा मशीन के पास रहने वाले आकाश उर्फ अप्पू रायकवार को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से मोटर साइकिल क्रमांक (यूपी93एवी-8419) और (यूपी 93एएफ-2281) बरामद की गई हैं। आकाश ने बताया कि वह रोजगार की तलाश कर रहा था। रोजगार न मिलने के कारण उसने मजदूरी करने का निर्णय लिया था, लेकिन मजदूरी में पैसा ठीक से नहीं मिल रहा था। इस कारण उसने मोटर साइकिल चोरी करने का प्लान बनाया था। एक मोटर साइकिल बेचने पर उसे पांच से छह हजार रुपये मिल जाते थे, इसी कारण उसने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया था। आकाश का कहना है कि बेरोजगारी व भूखमरी ने उसे बाइक चोर बनाया है। जेल से छूटने के बाद वह फिर से मोटर साइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देगा। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस टीम को मिली सफलता
बबीना थाना के उपनिरीक्षक राहुल सिंह, मुख्य आरक्षी शान मोहम्मद, रिक्रूट आरक्षी देवशंकर, रिक्रूट आरक्षी अरुण कुमार व रिक्रूट आरक्षी आशय शुक्ला शामिल रहे।





