
इस जहाज पर 20 भारतीय नाविक तैनात हैं। इस जहाज का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उससे धुंआ निकलता दिख रहा है। ओमान में भारतीय दूतावास ने इस हमले की जानकारी दी है। भारतीय दूतावास ने कहा कि हम हालात की निगरानी कर रहे हैं और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। पिछले 3 दिन में यह भारतीय नाविकों वाले व्यवसायिक जहाज पर तीसरा हमला है। अभी यह नहीं पता चल पाया है कि इस ताजा हमले को किसने अंजाम दिया है। इससे पहले अमेरिका ने 2 जहाजों पर हमले की बात को स्वीकार किया था।
MT Jalveer पर तैनात सभी नाविक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हमले की वजह से जहाज के चिमनी और इंजन रूम में आग लग गई है। इस बीच ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज पर हुए अमेरिकी हमले की भारत सरकार ने कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। तीन भारतीय जो लापता थे, उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा, ‘हम ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से अब तक 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।”
भारत सरकार ने शांति की अपील की
मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और यह वहां जारी संघर्ष का सीधा परिणाम हैं। बयान में कहा गया, ‘हम सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को सफल बनाने की अपील करते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं तुरंत बंद होनी चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवागमन और व्यापार बहाल किया जाना चाहिए।’
गौरतलब है कि सोमवार को भी पालाऊ ध्वज वाले जहाज एमटी मैरिवेक्स में आग लगने की घटना के बाद उस पर सवार 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में हुई थी। मंगलवार को नई दिल्ली में साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि एमटी मैरिवेक्स ओमान तट के पास निष्क्रिय हो गया था। जहाज पर मौजूद सभी 24 चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक थे और सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने इस बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
अमेरिका ईरान युद्ध से मानीवय संकट
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को पश्चिम एशिया में दोबारा बढ़ते तनाव पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि 100 दिनों से अधिक समय से जारी संघर्ष ने भारी मानवीय संकट पैदा किया है और वैश्विक अर्थव्यवस्था तथा ऊर्जा आपूर्ति पर भी गंभीर असर डाला है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। मंत्रालय ने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की थी।





