उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हाईवे किनारे बक्से में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस महिला की पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी, उसका कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका ‘लिवइन पार्टनर’ ही निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी हर्ष खियानी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपने दोस्त के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।

शादी की जिद बनी मौत का कारण
जांच में सामने आया है कि मृतक महिला, जिसका नाम मोनी था, कानपुर में हर्ष खियानी के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रह रही थी। मोनी लगातार हर्ष पर शादी करने का दबाव बना रही थी। चूंकि हर्ष पहले से ही शादीशुदा था और सामाजिक दबाव के कारण वह मोनी को अपनाने को तैयार नहीं था, इसलिए उसने उसे अपने रास्ते से हटाने की साजिश रची।
160 किमी दूर फेंका शव
वारदात वाले दिन कानपुर में हर्ष ने अपने एक दोस्त की मदद से मोनी के गले में पड़े दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव को एक बड़े बक्से में बंद किया और कार से करीब 160 किलोमीटर दूर कौशांबी ले जाकर हाईवे के किनारे फेंक दिया। 16 अप्रैल को पुलिस को यह संदिग्ध बक्सा मिला था, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
शराब की बोतल ने खोला राज
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। लेकिन घटनास्थल के पास मिली एक शराब की बोतल के ‘टैग’ ने पुलिस को अहम सुराग दिया। उस टैग का पीछा करते हुए पुलिस कानपुर के आरोपी हर्ष तक जा पहुंची। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब हत्या में शामिल उसके दोस्त की तलाश और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है।





