
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि ‘युद्ध खत्म हो चुका है’ लेकिन जमीनी हालात इस दावे से पूरी तरह मेल नहीं खाते. दरअसल, मारिया बार्टिरोमो से बातचीत के दौरान ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष अब बीती बात हो चुका है. उन्होंने युद्ध को बीता समय बताते हुए कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है.
हालांकि, दूसरी तरफ स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं दिख रही. ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर पाबंदियां जारी रखी हैं, जबकि इजरायल की सैन्य गतिविधियां भी पूरी तरह थमी नहीं हैं. इससे यह साफ होता है कि भले ही ट्रंप राजनीतिक तौर पर युद्ध के अंत का दावा कर रहे हों, लेकिन जमीनी स्तर पर तनाव और टकराव की स्थिति अब भी बनी हुई है.
ईरान को फिर से खड़े होने में 20 साल का वक्त लगेगा!
ट्रंप ने आगे कहा कि अगर अमेरिका इस वक्त अपनी सैन्य मौजूदगी हटा ले, तो ईरान को दोबारा खड़ा होने में 20 साल तक लग सकते हैं. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अभी सब कुछ पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और हालात पर नजर रखी जा रही है. उनके मुताबिक, ईरान अब समझौता करने के लिए काफी इच्छुक नजर आ रहा है. वहीं, इस युद्ध को लेकर अमेरिकी जनता की राय शुरू से ही ज्यादा सकारात्मक नहीं रही है। इप्सोस और रॉयटर के हालिया सर्वे के मुताबिक, सिर्फ 24% अमेरिकी ही मानते हैं कि यह युद्ध सही या फायदेमंद रहा है, जबकि 51% लोगों का मानना है कि यह युद्ध बेकार साबित हुआ है. इस बीच, यह बयान ऐसे समय आया है जब युद्ध को लेकर अमेरिका में राजनीतिक और जनमत दोनों ही स्तर पर बहस तेज होती जा रही है.
शांति-वार्ता में लेबनान को लेकर बनी भ्रम की स्थित
दरअसल, अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की थी. इसका मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाना बताया गया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। ट्रंप ने पहले दावा किया था कि अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम ‘पूरी तरह खत्म’ कर दिया गया है. वहीं पिछले दिनों ट्रंप ने दो सप्ताह के सीजफायर (युद्धविराम) का ऐलान किया, लेकिन इसके तुरंत बाद ही भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. ईरान और पाकिस्तान के मध्यस्थों ने कहा कि इस समझौते में लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई रोकना भी शामिल है. हालांकि, अमेरिका ने इस बात से इनकार किया. रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया कि ट्रंप को पहले ही बताया गया था कि लेबनान भी इस समझौते का हिस्सा है.
ट्रंप ने युद्ध के अलावा इन मुद्दों पर भी की बात
इसी बीच, इजरायल की कार्रवाई जारी रहने के कारण ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर पाबंदियां बनाए रखीं. हालात और सख्त तब हो गए, जब इस हफ्ते ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिकी नौसेना कुछ जहाजों को इस रास्ते से गुजरने नहीं देगी. इस पूरे घटनाक्रम के बीच फॉक्स न्यूज की रिपोर्टर बार्तिरोमो ने ट्रंप का इंटरव्यू किया. व्हाइट हाउस से निकलते वक्त उन्होंने कहा कि इंटरव्यू शानदार रहा और ट्रंप ने अर्थव्यवस्था, NATO और ईरान युद्ध पर खुलकर बात की. उन्होंने यह भी बताया कि ट्रंप युद्ध को लेकर कहा कि युद्ध अब खत्म हो चुका है. बार्तिरोमो के मुताबिक, जब उन्होंने ट्रंप से पूछा,’क्या यह युद्ध खत्म हो गया है?’ इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘यह खत्म हो चुका है.’





