बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अपनी अदाकारी के साथसाथ अपनी बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं। वे अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं, जिसके चलते वे सुर्खियों में बने रहते हैं। हालांकि इस बार अनुपम खेर किसी गंभीर बहस की वजह से नहीं, बल्कि एक मजेदार टिप्पणी और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया को लेकर चर्चा में हैं। बंगाल में ममता बनर्जी की सत्ता जाने और भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बीच अनुपम खेर का एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

बीजेपी नेता का मजेदार तंज और अनुपम खेर का जवाब
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद सियासी गलियारों में बयानों का दौर जारी है। इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता समिक भट्टाचार्य का एक बयान सोशल मीडिया पर छा गया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ‘अनुपम खेर के सिर पर बाल वापस आ सकते हैं, लेकिन टीएमसी की सत्ता में वापस नहीं होगी।’ यह टिप्पणी देखते ही देखते लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। जब यह बात अनुपम खेर तक पहुंची तो उन्होंने भी इसे बड़े ही मजाकिया अंदाज में लिया। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, ‘अरे भाई, मैंने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है? तुम मेरे सिर पर बाल क्यों उगाना चाहते हो? इस हालत में तो मैं सौ जन्मों में भी ऐसा नहीं चाहूंगा। जय श्री राम।’ अनुपम का यह हाजिरजवाब उनके प्रशंसकों को काफी पसंद आ रहा है।
मंजिल और जीत को लेकर साझा किया क्रिप्टिक पोस्ट
केवल मजाक ही नहीं, अनुपम खेर ने बंगाल चुनाव के नतीजों को लेकर एक गहरा संदेश भी साझा किया है। जैसे ही सोमवार को चुनावी नतीजे स्पष्ट हुए और बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत की तस्वीर साफ हुई अनुपम ने एक क्रिप्टिक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘अगर उद्देश्य सच्चा हो तो मंजिल तय है। आप जीत को टाल सकते हैं, हरा नहीं सकते हैं।’ हालांकि उन्होंने इस पोस्ट में किसी विशेष दल का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक पंडित और सोशल मीडिया यूजर्स इसे सीधे तौर पर बंगाल में हुए सत्ता परिवर्तन और भाजपा की जीत से जोड़कर देख रहे हैं।
राजनीतिक मुद्दों पर अनुपम खेर की बेबाकी
यह कोई पहली बार नहीं है जब अनुपम खेर ने देश के राजनीतिक हालात पर अपनी बात रखी हो। वे अक्सर राष्ट्रीय मुद्दों पर मुखर होकर अपनी राय देते हैं। उनके बयानों को अक्सर भाजपा के समर्थन के तौर पर देखा जाता है और वे कश्मीरी पंडितों के मुद्दों से लेकर भ्रष्टाचार तक हर विषय पर सक्रिय रहते हैं। बंगाल चुनाव 2026 के परिणामों को कई लोग देश की राजनीति में एक बड़ा मोड़ मान रहे हैं और ऐसे में अनुपम खेर जैसी हस्तियों का इस पर टिप्पणी करना माहौल को और भी दिलचस्प बना देता है।





