Indigo Airlines: हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E108 में अचानक एक पावर बैंक में विस्फोट हो गया. इससे विमान के कुछ हिस्सों में धुआं भर गया और यात्रियों में अफरातफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं और केबिन क्रू ने समय रहते आग पर काबू पा लिया. यह घटना मोहाली के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट की है.

इस मामले में डीजीसीए ने कहा, चंडीगढ़ में लैंडिंग के बाद जब विमान बे की ओर टैक्सी कर रहा था, तभी सीट नंबर 39C पर बैठे एक यात्री की सीट पॉकेट में रखे पाउच में रखे एक पावर बैंक में आग लग गई. विमान को बे में ही रोक दिया गया. केबिन क्रू ने आग बुझाने के लिए दो अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया. इसके बाद, यात्रियों को बाहर निकालने के लिए केबिन क्रू ने सभी छह स्लाइड खोल दिए. किसी भी यात्री के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं है.
पावर बैंक में लगी आग
इस विमान में 2 शिशुओं समेत 198 यात्री और 6 चालक दल के सदस्य सवार थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना उस समय घटी जब विमान बे नंबर 1 की ओर टैक्सी कर रहा था. इस दौरान 39C सीट पर बैठे एक यात्री ने अपने पावर बैंक से धुआं और आग निकलते हुए देखा. उसने तुरंत केबिन क्रू को इसकी जानकारी दी. संदेह जताया जा रहा है कि या तो पावर बैंक खराब हो गया था या उसमें विस्फोट हो गया था.
यात्रियों को विमान से बाहर निकाला
केबिन के अंदर धुआं फैलने से स्थिति तेजी से बिगड़ गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई. हालांकि, केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से पहले ही बुझाने के लिए विमान में मौजूद अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया. घटना के बाद क्रू ने इमरजेंसी का ऐलान किया और दोपहर लगभग 3 बजकर 35 मिनट पर एग्जिट प्रोसेस शुरू हुआ. यात्रियों को तुरंत विमान से बाहर निकाला गया.
मौके पर पहुंची वायुसेना
धुएं के चलते यात्री हड़बड़ी में विमान से उतरने लगे. इस दौरान एक शख्स को मामूली चोट आई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। हालांकि, किसी को भी गंभीर चोट या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ. घटना के कुछ समय बाद दोपहर 3 बजकर 38 मिनट पर इंडियन एयरफोर्स की फायर इंजन गाड़ी विमान तक पहुंची. हालांकि, इमरजेंसी टीमों के पहुंचने तक केबिन क्रू ने आग पर काबू पा लिया था.





