बेंगलुरु की एक चार्टर्ड अकाउंटेंट मीनाल गोयल की एक पोस्ट इन दिनों काफी चर्चा में है. उन्होंने बताया कि कई लोग अपनी कमाई और खर्च को सही तरीके से समझ नहीं पाते, खासकर तब जब सैलरी अच्छी हो लेकिन महीने के अंत में बचत बहुत कम दिखे. उन्होंने एक 29 साल के शख्स का उदाहरण दिया, जिसकी महीने की कमाई ₹1.55 लाख है, लेकिन हर महीने उसके अकाउंट में सिर्फ ₹5,000 से ₹9,000 ही बचते हैं. इस वजह से वह खुद को परेशान महसूस करता है.

असल में पैसा जा कहां रहा है?
मीनाल गोयल ने समझाया कि जो पैसा खर्च लगता है, वह असल में कई बार निवेश या भविष्य के लिए इस्तेमाल हो रहा होता है. उदाहरण में करीब ₹20,000 SIP में जा रहे हैं और करीब ₹70,000 लोन की EMI में जा रहे हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उनके मुताबिक, ये ₹90,000 सीधा खर्च नहीं है, बल्कि यह भविष्य के लिए एसेट बनाने या कर्ज चुकाने में लग रहा है. यानी यह पैसा कहीं न कहीं आपके ही काम आ रहा है.
असली खर्च कितना है?
अगर इन निवेश और लोन को अलग कर दिया जाए, तो उस शख्स का असली महीने का खर्च करीब ₹60,000 के आसपास बैठता है. इससे यह साफ होता है कि उसकी लाइफस्टाइल उतनी महंगी नहीं है जितनी पहली नजर में लगती है.
Reddit पोस्ट से शुरू हुई चर्चा
यह मामला एक Reddit यूजर की पोस्ट से सामने आया, जिसने बताया कि परिवार के साथ रहते हुए किराया, राशन, ट्रैवल, इंटरनेट, मेडिकल खर्च, बच्चे से जुड़े खर्च और लोन की EMI मिलाकर उसकी जेब लगभग खाली हो जाती है. उसने यह भी बताया कि पिछले साल उसकी कमाई करीब ₹19.6 लाख थी, जबकि खर्च ₹18.6 लाख तक पहुंच गया था. कुछ मेडिकल कारणों, जैसे इलाज और डिलीवरी के बाद रिकवरी, ने खर्च और बढ़ा दिया.
असली बात क्या है?
मीनाल गोयल का कहना है कि समस्या कम बचत नहीं, बल्कि पैसों को समझने का तरीका है. लोग निवेश, लोन और रोजमर्रा के खर्च को एक साथ जोड़कर देखते हैं, जिससे उन्हें लगता है कि वे बचत नहीं कर पा रहे. अगर इन चीजों को अलगअलग समझा जाए, तो तस्वीर काफी साफ हो जाती है और तनाव भी कम महसूस होता है.





