औरैया में पीएम योजना के नाम पर महाठगी! महिलाओं के नाम पर लोन लेकर उड़ाए लाखों… सिलाई सेंटर का झांसा देकर फंसाया, दो अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में साइबर थाना पुलिस ने महिलाओं को सरकारी योजना का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष समेत दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी प्रधानमंत्री महिला रोजगार योजना के नाम पर महिलाओं को सिलाई सेंटर खोलने और नौकरी दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ईस्कूटी, इन्वर्टर, मोबाइल फोन समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं.

औरैया में पीएम योजना के नाम पर महाठगी! महिलाओं के नाम पर लोन लेकर उड़ाए लाखों… सिलाई सेंटर का झांसा देकर फंसाया, दो अरेस्ट

पूरा मामला औरैया जनपद के साइबर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता वंदना पत्नी श्यामबाबू निवासी ग्राम पडरिया ऊंचा थाना अजीतमल ने शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़िता ने बताया कि एक महिला और एक पुरुष ने प्रधानमंत्री महिला रोजगार योजना के नाम पर उसे सिलाई सेंटर खोलने और नौकरी दिलाने का झांसा दिया. इसके बदले उससे रुपये लिए गए और जरूरी दस्तावेज भी जमा करा लिए गए. शिकायत के आधार पर साइबर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया.

मामले की जांच में जुटी साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ वर्मा उर्फ टिंकू निवासी मैनपुरी और सुनीता निवासी औरैया के रूप में हुई है.

ऐसे बनाते थे शिकार

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गांवगांव जाकर ग्राम समूह सखियों के मोबाइल नंबर जुटाते थे. इसके बाद महिलाओं से संपर्क कर उन्हें सरकारी योजना के तहत सिलाई सेंटर खोलने और नौकरी दिलाने का लालच देते थे, फिर मीटिंग कर महिलाओं से प्रति महिला 250 रुपये वसूलते थे और आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज ले लेते थे. इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों के जरिए महिलाओं के नाम पर लोन कराया जाता था. लोन की रकम से ईस्कूटी, इन्वर्टर और अन्य सामान खरीदकर आरोपी खुद हड़प लेते थे.

पुलिस जब्त किया सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो इन्वर्टर बैटरी, दो इन्वर्टर यूपीएस, एक ईस्कूटी, दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड फोन, 107 आधार कार्ड की प्रतियां, 11 स्टांप पेपर, 4 एडिट किए गए आधार कार्ड और 12 फर्जी योजना कार्ड बरामद किए हैं. अब तक 10 से 12 लाख रुपये की ठगी सामने आई है.

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री महिला रोजगार योजना के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया गया है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है. मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस ठगी के शिकार लोगों के खातों को फ्रीज कर रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है, वहीं इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.

Leave a Reply