IPL 2026: मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार के बाद भड़के कप्तान हार्दिक पांड्या, मैच के बाद इन पर फोड़ दिया ठीकरा!


IPL 2026: मुंबई इंडियंस (MI) को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए IPL मैच में 21 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. IPL 2026 सीजन की शुरुआत जीत के साथ करने के बाद मुंबई इंडियंस (MI) को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है. इस सीजन की लगातार चौथी हार का सामना करने के बाद मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या अपनी ही टीम पर जमकर भड़के हैं.

मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार के बाद भड़के हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या ने इशारों-इशारों में यह मैसेज दिया कि आने वाले मुकाबलों के लिए टीम कुछ कड़े फैसले ले सकती है. उन्होंने कहा, ‘पंजाब किंग्स ने हमसे बेहतर बॉलिंग, बैटिंग और निश्चित रूप से बेहतर फील्डिंग भी की. मुझे लगता है कि हमें यह देखना होगा कि क्या हमें कुछ कड़े फैसले लेने की जरूरत है, या हमें बस ऐसे ही चलते रहना चाहिए और उम्मीद करनी चाहिए कि हम हालात बदल देंगे. ये कुछ कड़े सवाल हैं, जिनका जवाब आखिरकार हमें ही देना होगा, और हां, इसकी जिम्मेदारी हमें ही लेनी होगी.’

‘उन्होंने हमें पूरी तरह से हरा दिया’
हार्दिक पांड्या ने माना कि पंजाब किंग्स (PBKS) ने खेल के तीनों ही विभाग में मुंबई इंडियंस (MI) से बेहतर प्रदर्शन किया. हार्दिक पांड्या ने घरेलू मैदान पर मिली हार के बाद कहा, ‘सच कहूं तो अभी मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है. मुझे लगता है कि हमें सच में फिर से शुरू से सोचना होगा और देखना होगा कि हम कहां पीछे रह रहे हैं. क्या यह खिलाड़ियों की वजह से है? क्या यह एक टीम के तौर पर है? क्या यह प्लानिंग की वजह से है? हम बस इसका पता लगाएंगे और देखेंगे कि आगे हम क्या कर सकते हैं. मुझे लगता है कि हमें उन्हें (पंजाब किंग्स) भी इसका श्रेय देना चाहिए. गेंद रिवर्स स्विंग करने लगी थी. दूसरी पारी में ओस आ गई थी और हालात थोड़े बेहतर हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हमें पूरी तरह से हरा दिया.’

मैच में क्या-क्या हुआ?
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 195 रन लगाए. मुंबई इंडियंस की तरफ से क्विंटन डि कॉक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली. क्विंटन डि कॉक ने 60 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए. वहीं, नमन धीर ने 31 गेंदों में 50 रन बनाए. गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह ने 22 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए. पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस से मिले 196 रनों के लक्ष्य को 16.3 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. टीम की तरफ से प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ 39 गेंदों का सामना करते हुए 80 रनों की नाबाद पारी खेली. वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों में 66 रन बनाए. प्रभसिमरन और अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 139 रनों की साझेदारी निभाई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। आईपीएल 2026 में यह पंजाब किंग्स की लगातार चौथी जीत है, जबकि एमआई को इस सीजन के पांचवें मुकाबले में चौथी हार का सामना करना पड़ा है.

Leave a Reply