इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में सभी को ऋषभ पंत की कप्तानी में खेल रही लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम से सभी को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन अब तक ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला है। इसके पीछे की बड़ी वजह उनके स्टार खिलाड़ियों का उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन ना कर पाना है। वहीं इसी बीच लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है जिसमें ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिश जो शुरुआती मैचों में स्क्वाड के साथ नहीं जुड़ पाए थे वह अब एलएसजी के स्क्वाड में जुड़ गए हैं।

अगले मैच में चयन के लिए उपलब्ध होंगे इंग्लिश
जोश इंग्लिश को आईपीएल 2026 के प्लेयर ऑक्शन में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 8.60 करोड़ रुपये में अपने स्क्वाड में शामिल किया था। इसके बाद ये जानकारी सामने आई थी कि वह अपनी शादी के चलते इस सीजन के शुरुआती फेज के मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। जोश इंग्लिश की शादी 18 अप्रैल को वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के मार्गरेट रिवर में हुई थी। वहीं ईएसपीएन क्रिकइंफो की खबर के अनुसार अब जोश इंग्लिश एलएसजी के स्क्वाड के साथ जुड़ गए हैं और 4 मई को होने वाले मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध होंगे। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। आईपीएल के पिछले सीजन में जोश इंग्लिश पंजाब किंग्स के स्क्वाड का हिस्सा थे, जिसमें उन्होंने 11 मैचों में 30.88 के औसत से 278 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 162.57 का था।
मैथ्यू ब्रीत्जके टूर्नामेंट के बीच लौटे घर
लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए जहां जोश इंग्लिश के रूप में एक गुड न्यूज सामने आई है तो वहीं साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्जके जो इस सीजन एलएसजी के स्क्वाड का हिस्सा हैं निजी कारणों के चलते वापस घर लौट गए हैं। ईएसपीएन की रिपोर्ट के अनुसार ब्रीत्जके के घर वापस लौटने का बड़ा कारण उनकी पत्नी के परिवार के एक करीबी सदस्य का निधन होना है। वहीं इस बारे में कोई अपडेट जारी नहीं किया गया है कि ब्रीत्जके अब इस सीजन के बाकी बचे मैचों के लिए वापस लौटेंगे या नहीं। एलएसजी ने अब तक इस आईपीएल सीजन में 8 मैच खेले हैं और उसमें से वह सिर्फ 2 मैचों को ही जीतने में कामयाब हो सके हैं।





