
Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां गोबरसही श्रीनगर कॉलोनी में रहने वाली एक महिला अपनी 6 साल की मासूम बेटी को घर में अकेला रोता-बिलखता छोड़ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है. आरोप है कि महिला अपने साथ घर में रखे करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी ले गई है. इस घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं.
पीड़ित पति मूल रूप से मोतीपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उसने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में मीनापुर (पानापुर) की एक युवती से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में हुई थी. वर्तमान में वह अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ श्रीनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था. पति के अनुसार, 26 मार्च की रात उसकी पत्नी अचानक गायब हो गई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला और घर की अलमारी चेक की गई, तो पता चला कि 20 लाख के गहने भी गायब हैं.
साली और एक युवक पर साजिश का आरोप
पीड़ित पति ने सदर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने अपनी साली, उसकी एक सहेली और अंकुर बोहरा नामक युवक पर इस पूरे घटनाक्रम की साजिश रचने का शक जताया है. पति को आशंका है कि उसकी पत्नी को गलत नीयत से फुसलाकर कहीं ले जाया गया है. पिता के पास मौजूद 6 साल की बच्ची का अपनी मां के बिना रो-रोकर बुरा हाल है, जिसे संभालना अब मुश्किल हो रहा है.
मोबाइल बंद लेकिन WhatsApp एक्टिव
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तकनीकी पहलू सामने आया है, जिसने पुलिस की भी नींद उड़ा दी है. लापता महिला का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, लेकिन उसका व्हाट्सएप अकाउंट अभी भी सक्रिय (Active) दिखाई दे रहा है. इससे पुलिस किसी बड़ी साजिश या अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं कर रही है. तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि व्हाट्सएप का उपयोग कहां से और कौन कर रहा है.
पुलिस ने क्या की कार्रवाई
सदर थानाध्यक्ष अश्मित कुमार ने बताया कि महिला की गुमशुदगी और जेवर चोरी के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की एक विशेष टीम मोबाइल सर्विलांस और टावर लोकेशन के जरिए महिला और संदिग्धों की तलाश में जुटी है. पुलिस हर उस कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रही है जिससे यह स्पष्ट हो सके कि यह मामला स्वेच्छा से भागने का है या किसी बड़े अपराध का हिस्सा.





