भारत की सबसे चर्चित ओटीटी फ्रेंचाइज़ियों में शामिल ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर धमाकेदार एंट्री करने जा रही है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और इसे साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म में एक बार फिर दिव्येंदु अपने लोकप्रिय किरदार ‘मुन्ना भैया’ के रूप में नजर आएंगे।

दिव्येंदु ने फिल्म को ‘विंटेज मिर्जापुर’ बताते हुए कहा कि इसमें वही पुराने और पसंदीदा किरदार देखने को मिलेंगे, लेकिन इस बार कहानी और हालात पहले से ज्यादा बड़े और तीखे होंगे। उनके मुताबिक, फिल्म का स्केल काफी विशाल है और इसे खास तौर पर फैंस के लिए तैयार किया गया है, ताकि सिनेमाघरों में एक अलग ही अनुभव मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि ‘मुन्ना भैया’ के किरदार को दर्शकों से जितना प्यार मिला, वह आज भी उनके लिए हैरान करने वाला है। तीसरे सीज़न में किरदार की मौत के बाद भी फैंस लगातार उनकी वापसी की मांग करते रहे। दिव्येंदु ने माना कि इस किरदार में दोबारा लौटते समय उनके मन में यह दुविधा थी कि किरदार को नए अंदाज़ में निभाएं या पहले वाले अंदाज़ को ही बरकरार रखें।
फिल्म को लेकर बढ़ती चर्चा पर दिव्येंदु का मानना है कि यह प्रोजेक्ट मनोरंजन इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव ला सकता है। उनके अनुसार, अगर यह प्रयोग सफल होता है तो भविष्य में कई वेब सीरीज़ को फिल्मों में बदला जा सकता है। उन्होंने इसकी तुलना उस दौर से की जब ‘मिर्जापुर’ का पहला सीज़न आया था और किसी ने उसकी इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं की थी।
Amazon MGM Studios और Excel Entertainment द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





