ग्रेटर नोएडा के दीपिका आत्महत्या मामले में पुलिस लगातार एक्शन में दिखाई दे रही है. पुलिस ने अब दीपिका के चचिया ससुर विनोद और सास पूनम को भी गिरफ्तार कर लिया है.

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. अभी तक पुलिस ने दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार किया था, लेकिन पुलिस लगातार ताबड़तोड़ एक्शन में दिखाई दे रही है. अब थाना इकोटेक-3 पुलिस ने दीपिका के चचिया ससुर विनोद और सास पूनम को भी गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर दीपिका ने बीते दिनों तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी.
घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए थे और पूरी घटना को हत्या बताया था. दीपिका नागर बादलपुर थाना क्षेत्र के कूड़ी खेड़ा गांव की रहने वाली थीं. उनके पिता संजय नागर दिल्ली जल बोर्ड में काम करते हैं, जो लगातार बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दीपिका के शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने की पुष्टि हुई है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। रिपोर्ट में मल्टीपल इंजरी सामने आया था. पुलिस ने बताया कि 20 मई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी विनोद पुत्र जयचंद निवासी जलपुरा, थाना ईकोटेक तृतीय, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया गया. वहीं सास पूनम को भी गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इससे पहले 18 मई को पुलिस ने मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
कब हुई थी दीपिका की शादी?
दीपिका और ऋतिक की शादी 11 दिसंबर साल 2024 में हुई थी. शादी में दीपिका के घरवालों नें खूब दहेज भी दिया था, लेकिन फिर भी ऋतिक और उसके घरवालों को और चाहिए थे, जिसके लिए रोज दीपिका को प्रताड़नाए झेलनी पड़ती थी. दीपिका के पिता का कहना है कि उन्होंने शादी में कम से कम 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे.





