सुभाष घई ने साफ कर दिया है कि वह ‘खलनायक रिटर्न्स’ को डायरेक्ट नहीं करेंगे। आपको बता दें, संजय दत्त अपने आइकॉनिक किरदार बल्लू में वापसी करने जा रहे हैं।

उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि इस फिल्म से उनका जुड़ाव जरूर रहेगा, लेकिन निर्देशक की कुर्सी पर बैठने का उनका इरादा नहीं है।
सुभाष घई ने बताया कि संजय दत्त कई सालों से इस सीक्वल को बनाना चाहते थे। यहां तक कि जेल में रहते हुए भी उन्होंने उन्हें चिट्ठी लिखकर इस फिल्म को बनाने की इच्छा जताई थी। इस पर घई ने उन्हें कहानी और कॉन्सेप्ट भेजा।
उन्होंने कहा ‘अगर मुझसे पूछें तो इस फिल्म को मेरे जैसा कोई नहीं बना सकता। लेकिन मैं अपनी ही फिल्म को दोबारा नहीं बनाना चाहता। और अब मेरी उम्र भी 80 साल हो चुकी है।’
संजय दत्त को दी सलाह
घई ने संजय दत्त को खुद इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संजय इस फिल्म को प्रोड्यूस करें और वह क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़ सकते हैं।
उन्हें भरोसा है कि संजय इस फिल्म के लिए सही डायरेक्टर चुन लेंगे और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे।
कैमियो जरूर करेंगे
भले ही सुभाष घई डायरेक्शन नहीं संभालेंगे, लेकिन वह फिल्म में एक छोटा सा कैमियो जरूर करेंगे। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में उनके रिश्ते बहुत मायने रखते हैं, इसलिए वह संजय दत्त के लिए यह जरूर करेंगे।
संजय दत्त ने कैसे सोचा सीक्वल?
संजय दत्त ने एक इवेंट में बताया कि खलनायक के सीक्वल का आइडिया उन्हें जेल में आया था। वहां कैदी अक्सर फिल्म के गाने सुनते थे और जब उन्होंने पूछा कि अगर इसका पार्ट 2 बने तो कौन देखेगा, तो हजारों कैदियों ने हां में जवाब दिया।
इसके बाद उन्होंने लोगों से फिल्म के लिए आइडिया मांगे और उनमें से एक कॉन्सेप्ट उन्हें पसंद आया, जिसे उन्होंने बाहर आकर सुभाष घई को सुनाया।
‘खलनायक’ की विरासत
1993 में रिलीज हुई खलनायक संजय दत्त के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक रही है। फिल्म में माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ, राखी और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
फिल्म का म्यूजिक भी आज तक याद किया जाता है और इसने संजय दत्त के करियर में एक अलग पहचान बनाई।





