सूर्यकुमार यादव आज की तारीख में टीम इंडिया के टी20 इंटरनेशनल में कप्तान हैं। खास बात ये है कि सूर्या केवल एक ही फॉर्मेट खेलते हैं। हाल ही में भारत ने सूर्या की कप्तानी में आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब जीता था, लेकिन अब लगता है कि उनसे कप्तानी ले ली जाएगी। बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी इस बारे में गंभीरता से विचार कर रही है और माना जा रहा है कि जैसे ही भारतीय टीम की अगली सीरीज होगी, भारतीय टीम नए कप्तान के नेतृत्व में खेलती हुई नजर आएगी। सूर्यकुमार यादव का फॉर्म गया हुआ है और उनसे रन नहीं बन रहे हैं, यही उनकी कप्तानी जाने की मुख्य वजह मानी जा रही है।

श्रेयस अय्यर बन सकते हैं टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के अगले कप्तान
साल 2026 का टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में जीता था। भारत ने आठ फरवरी को फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती थी। हो सकता है कि सूर्यकुमार यादव का बतौर कप्तान ये आखिरी मैच भी साबित हो जाए। दरअसल टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट ने सनसनी मचा दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगली सीरीज के लिए जब बीसीसीआई सेलेक्शन कमेटी की मीटिंग होगी तो टी20 टीम इंडिया को नया कप्तान मिल सकता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके लिए श्रेयस अय्यर प्रमुख दावेदार के रूप में उभर कर सामने आए हैं।
आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया खेलेगी अगली टी20 सीरीज
जानकारी मिली है कि सूर्यकुमार यादव कप्तान के तौर पर तो सही कर रहे हैं, लेकिन उनके बल्ले से रन नहीं आ रहे हैं। टीम इंडिया के बाद अब वे आईपीएल खेल रहे हैं, लेकिन यहां भी उनसे रन नहीं बन रहे हैं। बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी चाहती है कि अब टीम इंडिया नए साइकिल की तैयारी कर रही है और इसमें बदलाव आना चाहिए। टीम इंडिया जल्द ही आयरलैंड और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलने जाएगी। आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच खेले जाएंगे। इसमें श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी जा सकती है। श्रेयस अय्यर ने पिछले काफी वक्त से भारत के लिए टी20 मैच नहीं खेले हैं, लेकिन अब वे कप्तान के रूप में वापसी कर सकते हैं।
केवल एक ही फॉर्मेट खेलते हैं सूर्या
श्रेयस अय्यर को कप्तानी दी जाएगी, ये करीब करीब तय हो चुका है। हां, अगर आखिरी वक्त में कुछ नहीं बदला तो इसका ऐलान भी कर दिया जाएगा। इस बीच सवाल ये है कि क्या सूर्या खिलाड़ी के तौर पर इस फॉर्मेट में खेलेंगे या फिर पूरी तरह से बाहर हो जाएंगे। वे वैसे भी भारत की वनडे और टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं। यानी अगर वे टी20 से बाहर हुए तो फिर भारत के लिए खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे।
टी20 विश्व कप 2028 की तैयारी करने जा रही है भारतीय टीम
भारतीय टीम अब साल 2028 में होने वाली टी20 विश्व कप की तैयारी शुरू करने जा रही है। इतना ही नहीं एलए ओलंपिक में भी भारतीय टीम अपनी दावेदारी पेश करेगी। हालांकि ध्यान रखने वाली बात ये है कि सूर्या खुद कह चुके हैं कि वे कप्तानी कर चाहते हैं, लेकिन खराब फार्म और करीब 35 साल की उम्र अब उनके आड़े आ रही है। इसी को लेकर बीसीसीआई विचार कर रहा है और बदलाव की तैयारी इसी को देखते हुए की जा रही है।
कप्तान के तौर पर ऐसे रहे हैं सूर्या के आंकड़े
सूर्या ने टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया को जीत तो दिला दी, लेकिन खुद उनके बल्ले से कुछ खास रन नहीं बने। पूरे विश्व कप के दौरान सूर्या ने 9 पारियों में केवल 242 रन ही बनाए हैं। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में सूर्या ने 84 रन की पारी खेली थी, इसके बाद उनसे बड़ी पारी की लगातार उम्मीद की जाती रही, लेकिन वे रन नहीं बना सके। कप्तान के तौर पर सूर्या ने अब तक 45 मैच खेलकर 932 रन ही बनाए हैं, जो सूर्या जैसे दिग्गज बल्लेबाज के नाम के सामने कतई अच्छे नहीं लगते हैं। हालांकि कप्तान के तौर पर सूर्या का जीत का प्रतिशत 76.92 का है, जिसे अच्छा कहा जा सकता है, लेकिन टेंशन उनके बल्ले से रनों को लेकर है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उम्मीद है कि आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए जब टीम का ऐलान किया जाएगा, तब इस फैसले के बारे में बता दिया जाएगा। इसके लिए अभी थोड़ा और इंतजार किया जाना चाहिए।




