
Basti : मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में युवक को कमरे में बंद कर आग के हवाले करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रही अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला कांती चौधरी को मुण्डेरवा रेलवे स्टेशन से दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, बरहुआ गांव निवासी रामचन्दर गुप्ता पिछले चार वर्षों से कांती चौधरी के साथ बिना शादी पति-पत्नी की तरह रह रहा था। आरोप है कि 1 मई की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कांती ने कमरे में आग लगा दी और बाहर से दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गई। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। आग की लपटों में घिरकर रामचन्दर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 6 मई की रात उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस बढ़ाते हुए अभियुक्ता की तलाश तेज कर दी।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में सक्रिय हुई मुण्डेरवा पुलिस टीम ने आखिरकार आरोपी महिला को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।





