हापड़ में जलती चिता से खोपड़ी उठा ले गया युवक, प्रेमिका को वश में करना चाहता था, किसने दिया था आइडिया

Hapur News: पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमन ने बताया कि तांत्रिक अवधेश शर्मा ने कहा था कि वो मेरे घर की परेशानियां दूर कर देंगे और मेरी प्रेमिका को मुझसे मिला देंगे. इसी भरोसे में वह उसके पास चला गया था.

UP News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामला देहात थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक अपने साथियों के साथ मिलकर अंतिम संस्कार के दौरान चिता से मानव खोपड़ी का हिस्सा निकालकर फरार हो गया. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियोंं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अमन एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था. उसे और उसके परिवार को वश में करने के लिए तांत्रिक के संपर्क में आ गया. तांत्रिक अवधेश शर्मा ने उसे चिता से खोपड़ी लाने की सलाह दी, जिसके बाद यह पूरी साजिश रची गई.

लंबी बीमारी के बाद छात्र की हुई थी मौत

पुलिस ने बताया कि 16 साल के छात्र शुभांशु की लंबी बीमारी के बाद मेरठ के निजी अस्पताल में मौत हो गई थी, जिसका रविवार को लोधपुर गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया था.

परिजनों ने बाद में चिता पर दोबारा जाकर देखा तो खोपड़ी का एक हिस्सा गायब था. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन लोगों को मोपेड से जाते हुए देखा गया. पुलिस का कहना है कि शव पूरी तरह जल चुका था और आरोपियों ने सिर्फ हड्डियां और राख उठाई थी. 

एक तरफा प्रेम में था युवक

थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया गया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि वह एकतरफा प्रेम में था और तंत्र-मंत्र के जरिए महिला तथा उसके परिवार को प्रभावित करना चाहता था. 

आरोपी अमन ने बताया कि बाबा ने मुझसे कहा था कि वो मेरे घर की परेशानियां दूर कर देंगे और मेरी प्रेमिका को मुझसे मिला देंगे. इसी भरोसे में मैं उनके पास चला गया था.

पुलिस के अनुसार तांत्रिक अवधेश शर्मा से भी पूछताछ की जा रही है. उसके पास से कई लोगों की तस्वीरें बरामद हुई हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है.

Leave a Reply