
सोशल मीडिया पर अक्सर हम जश्न के शोर-शराबे वाले वीडियो देखते हैं, लेकिन कभी-कभी खामोशी बहुत कुछ कह जाती है. एक सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर (SDE) ने अपने पिता का एक ऐसा ही वीडियो शेयर किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक पिता अपने बेटे का ‘अमेजन’ वाला ऑफर लेटर पढ़ रहे हैं. यह पल इतना गरिमापूर्ण और भावुक है कि देखने वालों की आंखें नम हो गई हैं.
पिता की खामोशी में छिपा है गर्व
शैलेंद्र यादव नाम के इस टेक प्रोफेशनल ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर किया है. वीडियो में उनके पिता चश्मा लगाकर बहुत ध्यान से ऑफर लेटर की एक-एक लाइन पढ़ रहे हैं. शैलेंद्र ने वीडियो के ऊपर कैप्शन दिया, “लोग इस पल को देखेंगे, लेकिन इसके पीछे के सालों का संघर्ष कोई नहीं देखेगा.” पिता का शांत और गंभीर चेहरा यह साफ बता रहा था कि उनके लिए यह सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि सालों की तपस्या का फल है.
इंटरनेट पर ‘देसी पेरेंट्स’ की यादें ताजा
इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर उन तमाम कहानियों को फिर से जिंदा कर दिया है, जहां माता-पिता बच्चों की कामयाबी पर अलग ही अंदाज में रिएक्ट करते हैं. एक यूजर ने कमेंट में लिखा, “मेरा भी यही एकमात्र सपना है, पिता भगवान का चेहरा होते हैं.” वहीं दूसरे ने लिखा, “जब बच्चे ऊंचाइयों पर पहुंचते हैं, तो पिताओं के लिए वह सबसे गर्व का पल होता है.”
“ये तो हमारी लाइफ सेविंग है”
हाल ही में ऐसे कई और वाकये सामने आए हैं जिसने लोगों को भावुक किया. IIT BHU के एक छात्र ने जब अपने पिता को मैसेज किया कि उसकी नौकरी अमेजन में लग गई है, तो पिता ने सिर्फ एक शब्द लिखा- “OK”. वहीं रेडिट पर एक यूजर ने शेयर किया था कि जब उसके पिता ने उसकी सैलरी सुनी तो वे रो पड़े और बोले, “बेटा, इतना तो हमारी पूरी जिंदगी की जमा-पूंजी है.”
एक और वायरल पोस्ट में एक टेक प्रोफेशनल ने बताया था कि जब उसके माता-पिता ने उसकी पहली सैलरी देखी, तो उनके मुंह से निकला, “ये तो बहुत सारे पैसे हैं.” यह दिखाता है कि एक मिडिल क्लास परिवार के लिए उनके बच्चे की पहली बड़ी नौकरी सिर्फ एक करियर नहीं, बल्कि पूरे परिवार की किस्मत बदलने वाला पल होता है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। शैलेंद्र का यह वीडियो उन सभी युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो दिन-रात मेहनत कर रहे हैं.





