
Etah Brave Woman Viral Video: यूपी के एटा में महिला की दिलेरी ने बदमाशों को भागने पर मजबूर कर दिया. इस घटना से जुड़ी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें बाइक सवार बदमाश महिला से बैग छीनने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं, लेकिन महिला अपनी जान लगाकर गुंड़ों से भिड़ती नजर आ रही है. ये वीडियो देखकर आपके होश उड़ जाएंगे
Etah Brave Woman Viral Video: सोशल मीडिया पर लगातार ऐसी वीडियो पोस्ट की जाती रही हैं जो चोरी, हिंसा और बदमाशों से बचने के लिए आपको जागरुक करती हैं. इंटरनेट पर एक बार फिर ऐसी फुटेज ने तहलका मचा दिया है, जिसने शहर में बढ़ती चोरी-चकारी और महिलाओं के साथ हो रहे दुर्व्यवहार का कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया है. ये वीडियो उत्तर प्रदेश के एटा का बताया जा रहा है, जहां बाइक सवार बदमाश एक महिला से उसका बैग छीनने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन महिला का जज्बा देखिए. कितनी ही प्रताड़ना झेलने के बावजूद महिला गुंड़ो से भिड़ जाती है, जिससे डर के बदमाशों को भी खाली हाथ भागना पड़ता है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस वीडियो को देखकर लोग महिला को नारी शक्ति की मिसाल कह रहे हैं.
असली शेरनी तो ये है
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के यूजर अरविंद चोटिया ने एक सीसीटीवी फुटेज पोस्ट की है, जिसमें यूपी के एटा शहर की एक चोरी की घटना दिखाई जा रही है. इस वीडियो के मुताबिक एक महिला, जो गली के कोने से होकर घर जा रही होती है, बाइक सवार बदमाश बैग छीनने की कोशिश करते हैं.
लेकिन महिला की पकड़ इतनी मजबूत थी कि बैग छीनकर भागने के चक्कर में बदमाश खुद बाइक से लुढ़ककर सड़क पर गिर जाता है. इसी छीना-झपटी में महिला नाली में गिर जाती है, जबकि बैग छीनने की फिराक में बदमाश महिला को बैग समेत ऊपर खींच लेता है.
लुटेरों से खूब भिड़ी महिला
इस वीडियो में जैसे ही महिला नाली से बाहर आती है. बदमाश एक बार फिर बैग को अपनी तरफ खींचता है और महिला को पटककर भागने की कोशिश करता है. निर्दयी गुंड़ा महिला के सिर में पैर से लात भी मार देता है, लेकिन महिला हार नहीं मानती और बदमाशों के साथ भिड़ी रहती है.
इतनी देर में दूसरा शातिर बाइक को महिला की तरफ घुमाता है ताकि दूसरे रास्ते से भाग सकें. लेकिन महिला दोनों बदमाशों को उलझाए रखती है और बैग को एक इंच भी ढ़ीला नहीं छोड़ती है.
दुम-दबाके भागे बदमाश
इसी छीना-झपटी के बीच बदमाश ज़ोर से जमीन पर गिर जाता है और अपनी हार स्वीकार कर लेता है. इतनी देर में महिला बैग को अपनी तरफ खींचकर समेट लेती है और दोनों बदमाश फरार हो जाते हैं.
इस वीडियो में देख सकते हैं कि नाली में गिरने और गुंड़ों के अत्याचार सहने के बाद महिला को गंभीर चोटें आती हैं, जिसके कारण महिला धीरे-धीरे अपने घर की तरफ रुख करती है. करीब 51 सैकेंड का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां यूजर्स महिला के जज्बे को सलाम कर रहे हैं.





