जूते सिर्फ फैशन का हिस्सा नहीं होते, बल्कि हमारे रोजमर्रा के आराम और पैरों की सेहत से भी जुड़े होते हैं। कई बार लोग सिर्फ डिजाइन, ब्रांड या ट्रेंड देखकर शूज खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में वही फुटवियर पैरों में दर्द, छाले या असहजता की वजह बन जाते हैं। खासकर ऑनलाइन शॉपिंग में सही साइज और फिट चुनना कई लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है। अगर आप चाहते हैं कि आपके शूज लंबे समय तक चलें, पहनने में आरामदायक हों और पैरों को सही सपोर्ट भी दें, तो खरीदते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।

सही फिटिंग, सोल की ग्रिप, मैटेरियल और इस्तेमाल के हिसाब से फुटवियर चुनने से न सिर्फ पैरों को आराम मिल सकता है, बल्कि पैसे भी बेकार खर्च होने से बच सकते हैं। अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑर्थोपेडिक सर्जन्स के मुताबिक शूज खरीदते समय केवल फैशन नहीं, पैरों की आरामदायक फिटिंग को ज्यादा देखना चाहिए। बहुत टाइट या बहुत ढीले जूते लंबे समय में पैरों में दर्द, छाले और सूजन की वजह बन सकते हैं। यहां हम आपको ऐसे आसान और जरूरी टिप्स बता रहे हैं, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से शूज खरीदते समय आपके काम आ सकते हैं।
ऑनलाइन या ऑफलाइन परफेक्ट शूज चुनने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- हमेशा ऐसे शूज चुनें जिनका टो बॉक्स थोड़ा चौड़ा हो, ताकि उंगलियों को हिलाने की जगह मिल सके। नुकीले और ज्यादा टाइट फुटवियर से पैरों पर दबाव पड़ सकता है।
- सिर्फ नंबर देखकर जूते न खरीदें। अलगअलग ब्रांड्स में साइज अलग हो सकता है, इसलिए फिटिंग चेक करना जरूरी है।
- शूज खरीदने का सबसे अच्छा समय शाम या दिन का आखिरी हिस्सा माना जाता है, क्योंकि उस समय पैरों में हल्की सूजन आ जाती है और सही फिट का अंदाजा लग पाता है।
- ट्रायल लेते समय दोनों पैर में जूते पहनकर चलकर जरूर देखें। कई लोगों के दोनों पैरों का साइज थोड़ा अलग होता है।
- ऑनलाइन शॉपिंग करते समय केवल डिजाइन देखकर ऑर्डर न करें। रिटर्न पॉलिसी, यूजर रिव्यू, सोल क्वालिटी और मैटेरियल की जानकारी जरूर पढ़ें।
- अगर आप लंबे समय तक खड़े रहते हैं या ज्यादा वॉक करते हैं, तो कुशनिंग और आर्च सपोर्ट वाले शूज चुनें। इससे पैरों पर दबाव कम पड़ सकता है।
- रनिंग, जिम, ऑफिस या कैजुअल यूज, हर जरूरत के लिए अलग तरह के शूज बेहतर रहते हैं। हर जगह एक ही फुटवियर पहनना पैरों को नुकसान पहुंचा सकता है।
- हाई हील्स या बहुत फ्लैट फुटवियर लंबे समय तक पहनने से पैरों और एड़ियों में दर्द बढ़ सकता है। बैलेंस्ड हील और सपोर्ट वाले शूज बेहतर माने जाते हैं।
- शूज का सोल मजबूत और ग्रिप वाला होना चाहिए, खासकर बारिश या फिसलन वाली जगहों के लिए।
- सांस लेने वाला मैटेरियल वाले शूज पैरों में पसीना और बदबू कम करने में मदद कर सकते हैं।
- बहुत सस्ते और खराब क्वालिटी के फुटवियर जल्दी खराब हो सकते हैं और पैरों की शेप पर भी असर डाल सकते हैं।





