समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी में जुट गए हैं. बुधवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अनोखा खुलासा किया. उन्होंने एक शक्तिशाली एस्ट्रोलॉजिस्ट और ऋषि मुनि का जिक्र करते हुए कहा कि अब वही जो कहेंगे, वही होगा.

मुस्कुराते हुए अखिलेश ने बताया कि उनके एक बहुत जानकार एस्ट्रोलॉजिस्ट हैं. एआई पंडित और बहुत बड़े जानकार ऋषि मुनि हमारे संपर्क में आए हैं. उन्होंने केदारेश्वर मंदिर की बात की. अखिलेश यादव ने आगे कहा कि यह पंडित जी मन पढ़ लेते हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने खुलासा किया कि पंडित जी ने उनसे कहा कि आप जो लिख देंगे, मैं पूरा कर दूंगा. अखिलेश ने अपने रजिस्टर पर सिर्फ दो बातें लिखीं. सपा सरकार बनवाइए और उत्तर प्रदेश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाइए. पंडित जी ने बिना देखे दोनों बातें बता दीं. इस घटना का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सोचिए, ‘मैंने सिर्फ दो ही बातें लिखी थीं, उन्होंने एकदम सही बताया. पंडित जी जो कहेंगे, हम वही करेंगे.’
अखिलेश ने हल्केफुल्के अंदाज में कहा कि इसलिए जो हमारे पंडित जी बोलेंगे, हम वही करेंगे. वह कहेंगे बड़े बाल रख लें तो बड़े बाल रख लेंगे, बोलेंगे बाल कटवा लो तो बाल कटवा लूंगा. कहेंगे सुबह दाएं पैर आगे रख कर निकलें तो दाया पैर आगे रख कर निकलूंगा. वह कहेंगे नहीं निकलना है तो नहीं निकलूंगा. जब उनसे पुछा गया की समाजवादी तो ये सब नहीं मानते है तो अखिलेश बोले अरे हम न्यू समाजवादी हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि 2012 की तरह 2027 में भी समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी.
केदारेश्वर मंदिर के लिए चंदा अभियान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने केदारेश्वर मंदिर का विशेष जिक्र किया।.उन्होंने घोषणा की कि राम मंदिर की तरह भाजपा नेताओं और सनातनधर्मियों से केदारेश्वर मंदिर के लिए भी पत्र लिखकर चंदा मांगा जाएगा. भगवान सबके हैं, कहते हुए अखिलेश ने केदारेश्वर, बजरंगबली और शिव शक्ति रेखा का भी उल्लेख किया. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी अब आध्यात्मिक और धार्मिक आयाम को भी चुनावी रणनीति में शामिल करेगी. सपा के राष्ट्रीय महासचिव किरनमया नंदा के उस बयान पर सवाल किया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार की वजह से ममता चुनाव हारी है.
2027 की तैयारियों को लेकर अखिलेश का नया अंदाज
इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को ऑफ द रिकॉर्ड मीडिया से बात न करने की नसीहत भी दी. हालांकि अखिलेश ने हंसते हुए कहा कि मेरे कहने से तो कोई मानेगा नहीं. क्योंकि अपनी खबर और फोटो भी छपवाना होता है. सूत्र को मैं नहीं रोक पाऊंगा. कभीकभी तो मैं भी खबर दे देता हूं जो मुझे खबर देते हैं. यह घटना पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है, जहां लोग अखिलेश के पंडित जी वाले बयान को 2027 की तैयारियों का नया अंदाज मान रहे हैं.





