
बेंगलुरु की महिला ने मोहम्मद इसहाक बिन अब्दुल रसूल पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन की सलाह और धमकी देने का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है.
बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में रहने वाली एक हिंदू महिला ने एचएसआर लेआउट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है. शिकायत के अनुसार एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे धमकी देकर छोड़ दिया.
महिला ने पुलिस को बताया कि वह 17 अक्टूबर 2024 को इंस्टाग्राम के जरिए 30 वर्षीय मोहम्मद इसहाक बिन अब्दुल रसूल नाम के युवक के संपर्क में आई थी. सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू होने के बाद दोनों ने फोन नंबर भी एक्सचेंज किए. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों घंटों फोन व चैट पर बात करने लगे.
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध
कुछ दिनों बाद, 30 अक्टूबर 2024 को दोनों बेंगलुरु के एलिमेंट्स मॉल, थानिसंद्रा के पास पहली बार मिले. मुलाकात के दौरान इसहाक ने महिला से शादी करने की बात कही और भरोसा दिलाया कि वह दोनों के परिवारों की मंजूरी भी ले आएगा. बातचीत के बाद वह महिला को दासराहल्ली स्थित सुपर टाउन हाउस नाम के एक निजी होटल में ले गया, जहां शादी का वादा कर उससे शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद भी कई बार आरोपी उसे अलग-अलग बहानों से होटल बुलाता रहा और इसी तरह संबंध बनाता रहा.
धर्म परिवर्तन की सलाह
समय बीतने के साथ महिला को शक होने लगा. सितंबर 2025 में उसे पता चला कि इसहाक कई अन्य महिलाओं से भी संपर्क में है. इसी महीने 14 सितंबर को महिला को भनक लगी कि इसहाक ने किसी मुस्लिम लड़की से सगाई कर ली है. जब उसने आरोपी से इस बारे में बात की, तो इसहाक के चाचा ने उससे मुलाकात कर धर्म परिवर्तन की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अगर वह इसहाक के साथ रहना चाहती है तो 40 दिनों तक नमाज पढ़ना, इस्लामी रिवाज सीखना और मुस्लिम समुदाय की परंपराओं को अपनाना होगा.
जान से मारने की धमकी
महिला के अनुसार, सगाई के बाद इसहाक का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. उसने साफ कह दिया कि वह परिवार की इच्छा के खिलाफ नहीं जा सकता और उसे छोड़ना ही पड़ेगा. जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे अपशब्द कहे और धमकी दी कि अगर उसने दोबारा फोन किया या परेशान किया, तो वह उसे जान से मार देगा. महिला ने बताया कि वह 2020 से बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट में सेल्स एक्जीक्यूटिव के तौर पर काम कर रही है. आखिरकार, लगातार धोखाधड़ी, धमकी और मानसिक तनाव के बाद उसने 19 अक्टूबर 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई.
मामले की जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.





