देहरादून/हरिद्वार: समाजवादी पार्टी के कुनबे और यादव परिवार से एक बेहद भावुक कर देने वाली खबर सामने आ रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अस्थियां लेकर उनका परिवार आज देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा। यहाँ से परिवार के सभी सदस्य सीधे हरिद्वार के प्रसिद्ध वीआईपी घाट के लिए रवाना हो गए हैं, जहाँ आज ही मां गंगा की गोद में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा।

चार्टर्ड प्लेन से पहुंचीं अपर्णा यादव
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव एक विशेष चार्टर्ड प्लेन के जरिए अस्थियां लेकर देहरादून पहुंचीं। इस बेहद दुखद और भावुक क्षण में पूरा परिवार एकदूसरे को ढांढस बंधाता नजर आया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे धार्मिक रीतिरिवाजों के साथ अस्थि विसर्जन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
परिवार के ये सदस्य रहे मौजूद, अखिलेश नहीं आएंगे
इस अंतिम धार्मिक रस्म में शामिल होने के लिए अपर्णा यादव के साथ शिवपाल सिंह यादव के बेटे और सांसद आदित्य यादव, बेटियां प्रथमा व पद्मजा मौजूद रहीं। इसके अलावा अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन बिष्ट भी दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े नजर आए। हालांकि, पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सपा मुखिया अखिलेश यादव के हरिद्वार आने की संभावना नहीं है।
घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यादव परिवार के आगमन और अस्थि विसर्जन को देखते हुए हरिद्वार के वीआईपी घाट पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था काफी चाकचौबंद कर दी गई है। परिवार बेहद गमगीन और भावुक माहौल के बीच प्रतीक यादव की आत्मा की शांति के लिए अंतिम प्रार्थना और वैदिक कर्मकांड की रस्में पूरी करेगा।





