लखनऊ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत की पत्नी मानसी की संदिग्ध मौत. परिवार ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए 6 लोगों पर केस दर्ज कराया.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत की पत्नी मानसी (23) का शव घर में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या बताया है. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही स्कॉर्पियो और मकान की मांग को लेकर मानसी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.
हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स रखने वाले इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत पर अब पत्नी की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, मायके पक्ष का दावा है कि मानसी को मारने के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.
क्या है पूरा मामला?
मृतका की पहचान मानसी पत्नी सागर राजपूत के रूप में हुई है. वह झव्वारन काला फाटक की रहने वाली थी, जबकि उसका मायका कानपुर के टीपीनगर बगाही इलाके में है. करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी सागर राजपूत से हुई थी और दोनों का एक 6 महीने का बेटा भी है. मानसी के चाचा सुनील कुमार वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 दिसंबर 2024 को शादी के दौरान करीब 7 लाख रुपए नकद, घरेलू सामान और अन्य उपहार दिए गए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा.
क्या शादी के बाद शुरू हो गई थी प्रताड़ना?
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही मानसी के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई थी. पति सागर राजपूत, ससुर राजेश, ननदें बरखा और चांदनी, ननदोई अनु और बुआ सास आशा पर लगातार दहेज मांगने के आरोप लगे हैं. मायके पक्ष का कहना है कि स्कॉर्पियो न मिलने पर मानसी को प्रताड़ित किया जाता था. इतना ही नहीं, ससुराल पक्ष सआदतगंज में मकान दिलाने का दबाव भी बना रहा था.
वीडियो कॉल पर दिखाई थी टूटी हुई जिंदगी?
मानसी के चाचा अविनाश राजपूत ने बताया कि एक साल पहले रात करीब 2 बजे मानसी ने वीडियो कॉल कर मदद मांगी थी. कॉल में घर का सामान टूटा-फूटा पड़ा दिखाई दे रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान सागर ने दहेज में मिला सामान तोड़ दिया था. जब परिवार ने सागर से बात की तो उसने घटना से इनकार कर दिया और मानसी को “बेवकूफ” बताकर फोन काट दिया.
क्या मौत से पहले मानसी को परिवार से दूर रखा गया?
परिवार का दावा है कि पिछले चार दिनों से मानसी से ठीक से बात नहीं हो पा रही थी. जब भी कॉल किया जाता, वह सिर्फ इतना कहती थी कि “खाना बना रहे हैं” या “अभी बिजी हैं”. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। परिजनों को शक है कि उस पर नजर रखी जा रही थी. शनिवार शाम अचानक पुलिस का फोन आया कि मानसी ने फांसी लगा ली है. जब परिवार लखनऊ पहुंचा तो उन्हें पूरा मामला संदिग्ध लगा.
परिवार ने हत्या का शक क्यों जताया?
मायके पक्ष का कहना है कि जिस हालत में शव मिला, उससे साफ लग रहा था कि यह आत्महत्या नहीं है. चाचा अविनाश के मुताबिक, ‘मानसी के पैर जमीन को छू रहे थे. पूरी बॉडी फंदे से लटक नहीं रही थी. इससे साफ लग रहा था कि पहले हत्या की गई और बाद में शव को लटकाया गया.’ परिवार का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष घर छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष आर्या ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल पुलिस मामले को दहेज हत्या और संदिग्ध मौत दोनों एंगल से जांच रही है.





