इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 43वां लीग मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था और 20 ओवर्स में टीम 225 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। राजस्थान रॉयल्स टीम के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने मुकाबले का आगाज तो काफी धमाकेदार अंदाज में किया था, लेकिन सिर्फ 6 रन बनाकर पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। हालांकि जायसवाल ने एक ऐसा कारनामा जरूर किया जिसे करने वाले वह अब तक के आईपीएल इतिहास में सिर्फ 5वें खिलाड़ी बन गए हैं।

IPL मैच की पहली गेंद पर सिक्स लगाने वाले जायसवाल बने सिर्फ 5वें खिलाड़ी
आईपीएल का पहला सीजन साल 2008 में खेला गया था, जिसके बाद अब इसका 19वां सीजन जारी है जिसमें यशस्वी जायसवाल अभी तक के इस लीग के इतिहास में सिर्फ 5वें ऐसे खिलाड़ी बने हैं जो किसी मुकाबले की पहली गेंद पर सिक्स लगाने में कामयाब हो सके हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में यशस्वी जायसवाल ने जब पहली गेंद का सामना किया जो मिचेल स्टार्क ने फेंकी थी उसपर उन्होंने स्क्वायर लेग की तरफ जोरदार शॉट खेला जिसमें गेंद सीधे सिक्स के लिए चली गई। हालांकि जायसवाल अपनी इस पारी को बड़ी करने में कामयाब नहीं हो सके और वह इसी ओवर की तीसरी गेंद पर स्टार्क को ही अपना कैच थमा बैठे।
आईपीएल में किसी मैच की पहली गेंद पर सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी
- नमन ओझा बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
- विराट कोहली बनाम राजस्थान रॉयल्स
- फिल साल्ट बनाम मुंबई इंडियंस
- प्रियांश आर्या बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
- यशस्वी जायसवाल बनाम दिल्ली कैपिटल्स
जायसवाल ने चौथी बार किया ये कारनामा
यशस्वी जायसवाल जिनकी गिनती टी20 फॉर्मेट के आक्रामक बल्लेबाजों में की जाती है, वह आईपीएल इतिहास में पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं, जिसमें उन्होंने चौथी बार ये कारनामा किया है। इस लिस्ट में उनके बार दूसरे नंबर पर प्रियांश आर्या का नाम है जो अब तक 2 बार पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने में कामयाब हो सके हैं। आईपीएल के 19वें सीजन में यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो वह 10 मैचों में अब तक 39 के औसत से 312 रन बना चुके हैं जिसमें उनके बल्ले से तीन अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।





