उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुभासपा के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश यादव को ट्वीट, AC और PC यानि प्रेस कॉन्फ्रेंस वाला नेता बताया है। उन्होंने दावा किया कि 2027 चुनाव के बाद अखिलेश की राजनीति खत्म हो जाएगी और अखिलेश लंदन चले जाएंगे। आपको बता दें कि बंगाल में TMC की करारी हार हुई है जिसके बाद इंडी अलायंस के नेताओं ने ममता बनर्जी को फोन किया। इसमें एक नाम अखिलेश यादव का भी है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। ये बात खुद ममता बनर्जी ने बताई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव आज ममता बनर्जी से मिलने कोलकाता जा सकते हैं। पिछले 4 महीने में अखिलेश ममता की ये दूसरी मुलाकात होगी। इससे पहले 27 जनवरी को चुनाव शुरु होने से पहले अखिलेश ने ममता से मुलाकात की थी। इसी को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश याजव पर निशाना साधा है।

क्या बोले ओपी राजभर?
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा “ममता बनर्जी हफ्तों इंतजार करती रहीं कि अखिलेश यादव अब आएंगे तब आएंगे। अखिलेश यादव नहीं गए। भयानक गर्मी में अखिलेश निकलते कहां हैं। कैसे रैलियां और रोड शो करेंगे? पसीना निकलेगा, गर्मी लगेगी। सुबह उठना भी पड़ेगा। सबसे अच्छा काम यह है कि दोपहर में उठने के बाद एक ट्वीट कर देना। यह काम अखिलेश यादव ने बिना नागा किया है। अब बंगाल भी जा रहे हैं। अब रैली तो करनी नहीं है। एसी की ठंडक में बैठकर ममता जी को ढांढस देंगे। और गुजारिश करेंगे कि ममता जी पिछले चुनाव की तरह आप मेरे समर्थन में यूपी जरूर आना।”
‘अब जनता सिंहासन पर विराजमान है’
ओम प्रकाश राजभर ने आगे कहा “बंगाल में ममता जी से मुलाकात के जरिए अखिलेश जी यूपी को संदेश देंगे कि सब EVM की वजह से हो रहा। अखिलेश यह सब अपने लिए कर रहे हैं ताकि 2027 में जब वे हारे तो EVM पर ठीकरा फोड़ सके। लेकिन शहजादों को याद रखना चाहिए कि अब जनता सिंहासन पर विराजमान है। जहां भी सिंहासन खाली नहीं हो रहा, जनता ने नारा दे दिया है कि सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।”
‘अखिलेश यादव जी ट्वीट, एसी और पीसी के नेता’
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को भी ओपी राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधा था। राजभर ने कहा था “अखिलेश यादव जी ट्वीट, एसी और पीसी के नेता हैं। उनको लेकर मेरे मन में कभी संदेह नहीं रहता। बंगाल चुनाव नतीजों को लेकर मेरे मन में कोई संदेह नहीं था। जिस दिन अखिलेश यादव जी ने ट्वीट कर ममता दीदी के जीत की मुनादी शुरू की, उसी दिन पक्का हो गया था कि वे हारने जा रही हैं। अखिलेश जी ने महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे का समर्थन किया वो हार गए। दिल्ली में केजरीवाल की सरकार का समर्थन कर रहे थे, हार गए। तेजस्वी यादव के लिए गांवगांव घूमे। तेजस्वी हार गए। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनवा रहे थे वह भी पराजित हुए।”
राजभर ने कहा “अखिलेश खुद 2014, 2017, 2019, 2022 का चुनाव हार गए। 2027 में भी हारेंगे। अखिलेश के पीछे सजातीय वोटों के अलावा कोई ताकत, कोई गुण नहीं है। दोपहर तक सोते हैं। एसी से बाहर निकलते नहीं हैं और सोशल मीडिया के अलावा कहीं दिखाई नहीं देते हैं। मुख्यमंत्री भी बने तो वह आदरणीय मुलायम सिंह यादव जी और चचा शिवपाल की मेहनत थी। 2012 का चुनाव मुलायम सिंह जी और शिवपाल का था। गांठ बांध लीजिए। 2027 का चुनाव के बाद अखिलेश जी की राजनीति खत्म हो जाएगी और वह लंदन चले जाएंगे।”





