गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से करोड़ों के दहेज का मामला सामने आने के बाद अब माहौल अलग बनता दिख रहा है। इंदिरापुरम में हुई करोड़ों के दहेज वाली हाईप्रोफाइल शादी के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और चौतरफा आलोचना के बाद शादी से जुड़े उम्मेद पहलवान इदरीसी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उम्मेद पहलवान ने दावा किया कि वह दहेज प्रथा के खिलाफ हैं। अगर उनके किसी कदम से समाज या किसी परिवार की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वह न तो ऐसा काम करेंगे और न किसी को करने देंगे।

9 मई की रात का है मामला
दरअसल, 9 मई की रात इंदिरापुरम स्थित रॉयल एंबियंस फार्म में हुई एक निकाह समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में बिचौलिया उम्मेद पहलवान मंच से माइक पर दहेज में दिए गए सामान और नकदी का खुलकर ऐलान करते हुए नजर आया था। इस शादी में दूल्हे को एक करोड, एक लाख 11 हजार रुपये नकद, एक बीएमडब्ल्यू कार और भारी मात्रा में सोनेचांदी के आभूषण दिए गए। यही नहीं, छह महीने पहले हुई सगाई में थार गाड़ी और 31 लाख रुपये नकद देने की भी बात सामने आई।
वायरल वीडियो में स्टेज पर दूल्हादुल्हन बैठे नजर आ रहे थे, जबकि सामने मौजूद मेहमान मोबाइल फोन से पूरे कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान दहेज में दिए गए एकएक सामान और रकम का खुल्लमखुल्ला ऐलान किया गया था। यहां तक कि रिश्ता कराने वाले उम्मेद पहलवान को स्कॉर्पियो कार देने और एक अन्य व्यक्ति को मोटरसाइकिल देने की बात भी सार्वजनिक रूप से कही गई। यही वीडियो बाद में वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर बढ़ी बहस
हाईप्रोफाइल शादी का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस शादी को दिखावे और दहेज प्रथा को बढ़ावा देने वाला उदाहरण बताया। बढ़ते विवाद के बीच उम्मेद पहलवान इदरीसी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि मैं दहेज के खिलाफ हूं। दहेज देना और दहेज लेना दोनों ही बहुत गलत हैं। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। सभी जाति और धर्म के लोगों को इससे बचना चाहिए।
उम्मेद पहलवान ने कहा कि मैंने आज तक किसी का दिल नहीं दुखाया है।अगर मेरे इस काम से किसी का दिल दुखा है तो मैं माफी चाहता हूं। आगे से ऐसा काम कभी नहीं करूंगा और न किसी को करने दूंगा। वहीं, लोग इस मामले को लेकर दहेज के खतरनाक ट्रेंड की बात करते दिख रहे हैं।





