कानपुर के सचेंडी इलाके में सरकारी हैंडपंप से पानी पीने पर दलित किशोर के साथ अमानवीय व्यवहार और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि दबंगों ने किशोर को जूते में थूककर चटवाया और पिता को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया.

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. एक दलित किशोर और उसके पिता के साथ कुछ दबंगों ने बेहद बर्बर तरीके से मारपीट की. सरकारी हैंडपंप पर रखे बाल्टी और लोटे से पानी पीने के लिए इस किशोर को बुरी तरह से पीटा गया. आरोपी युवकों ने न सिर्फ उसे बुरी तरह मारा, बल्कि उसके कपड़े उतरवा दिए, मुर्गा बनाकर लात-जूतों से मारपीट की और जूते में थूककर चटवाने जैसी घिनौनी हरकत भी की. इसके बाद आरोपी खुद पर गंगाजल छिड़ककर अपना धर्म शुद्ध करने का नाटक भी किया.
यह घटना कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के झखरा संभरपुर गांव की है. पीड़ित परिवार खेती और मजदूरी करके अपना गुजारा चलाता है. 2 मई की रात करीब 9 बजे पीड़ित व्यक्ति अपने 16 वर्षीय बेटे के साथ खेत पर काम कर रहे थे. बेटे को प्यास लगी तो वह पास के सरकारी हैंडपंप पर पानी पीने चला गया. जैसे ही लड़के ने वहां रखे बर्तनों (बाल्टी-लोटे) से पानी पिया, मौके पर मौजूद संजय राजपूत, उसका भाई दीपक और उनके दो साथी सागर तथा पटिया ने उसे रोक लिया. आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए कहा कि ‘नीच जाति का व्यक्ति बाल्टी छूकर हमारा धर्म भ्रष्ट कर दिया है’.
लाठी-डंडे से पीटा
इसके बाद उन्होंने किशोर को सड़क पर मुर्गा बनाकर खड़ा किया और लाठी-डंडे, लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा. पीड़ित के अनुसार, आरोपी युवकों ने उसके जूते उतारकर मारे, जूते में थूककर चाटने को मजबूर किया और फिर उसी जूते में पानी भरकर उसे पीने के लिए कहा. जब पिता शोर सुनकर मदद के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस हमले में पिता की पसलियां टूट गईं और बेटे का हाथ टूट गया.
पुलिस की कार्रवाई
घटना के 13 दिन बाद, यानी 15 मई के आसपास, पीड़ित ने सचेंडी थाने में तहरीर दी. पुलिस ने संजय, दीपक, सागर और पटिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी पक्ष पीड़ित के खेत में डायपर फेंकते थे, जिसे लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इस विवाद के चलते ही मारपीट हुई. मामले की जांच अब एसीपी पनकी मनोज कुमार सिंह कर रहे हैं.
दूसरी घटना: हमीरपुर में पूरा परिवार पीटा गया
इसी बीच हमीरपुर जिले में भी एक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है. सदर कोतवाली क्षेत्र के टिकरौली गांव में कुछ दबंगों ने एक पूरे परिवार को घर से बाहर निकालकर लाठियों से बुरी तरह पीटा. इस मारपीट का 29 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार का कोई भी सदस्य नहीं बचा जिस पर लाठियां न बरसी हों महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग सब पर हमला किया गया. सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित पक्ष से तहरीर ली जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.





