कोप्पल; कर्नाटक के कोप्पल जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसा होस्पेटमुनिराबाद सीमा के पास नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरे एक ट्रैक्टर को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार लॉरी ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

हुलिगेम्मा देवी मंदिर जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, कुद्लिगी के आसपास के गांवों के करीब 19 श्रद्धालु ट्रैक्टर में सवार होकर हुलिगेम्मा देवी मंदिर में पूजाअर्चना के लिए जा रहे थे। इसी दौरान होस्पेटमुनिराबाद सीमा के निकट पीछे से आ रही एक बड़े लॉरी ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मृतकों की पहचान आसपास के गांवों के निवासियों के रूप में कर रही है।
आरोपी लॉरी चालक गिरफ्तार
बल्लारी रेंज के आईजीपी डॉ. पी.एस. हर्षा ने बताया कि हादसे के बाद लॉरी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।





