उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां पुलिस ने 24 घंटे में 3 सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देने वाले सीरियल किलर को ढेर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, इस शख्स ने बिना किसी व्यक्तिगत रंजिश के रैंडम तरीके से लोगों को निशाना बनाकर उनकी हत्या कर दी थी। 3 लोगों की गोली मारकर हत्या करने वाला शातिर आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। बदमाश को SOG, अलीनगर पुलिस, सकलडीहा पुलिस और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में ढेर किया गया।

सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। आरोपी ने ताड़ीघाट पैसेंजर, जम्मूतवी एक्सप्रेस और निजी अस्पताल में हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था। वह वर्ष 2021 में सेना छोड़ने के बाद अपने घर पर ही रहा था और शराब का आदि हो चुका था। जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी छूटने के बाद मानसिक रूप से विचलित था।
आरोपी गुरप्रीत ने पहली हत्या अलीनगर के दरियापुर गांव के पास 10 मई को ताड़ीघाट पैसेंजर में जमानिया निवासी मंगरू की की। फिर उसने 11 मई की रात कोलकाता से जम्मूतवी जा रही एक्सप्रेस में यात्री को गोली मारकर दूसरी हत्या की थी। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इसके बाद आरोपी ने सोमवार की सुबह अलीनगर के जीवक अस्पताल में भर्ती महिला को सिर में गोली मारकर तीसरी हत्या की।
अस्पताल में हत्या के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और लोकेशन हिस्ट्री से भी तीनों हत्याओं की पुष्टि की गई। आरोपी सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागा था। गुरप्रीत ने भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सीने में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इसके बाद मेडिकल कालेज में घायल गुरप्रीत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस मुठभेड़ में जीआरपी हेडकांस्टेबल सहित दो पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। आरोपी के कब्जे से रिवाल्वर, कारतूस और कटी हुई DBBL गन बरामद हुई है। बंदूक का लाइसेंस मिला है लेकिन रिवॉल्वर का कोई लाइसेंस नहीं मिला है। मेडिकल कॉलेज पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने एनकाउंटर की पुष्टि की है।





