ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने वाली है। यह टूर्नामेंट इस बार इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले ही श्रीलंका की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। टीम की अनुभवी रिस्ट स्पिनर शशिनी गिम्हानी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनके बाहर होने के साथ ही श्रीलंका बोर्ड ने रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। उनकी जगह अब चेतना विमुक्ति को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

चेतना विमुक्ति ने अभी तक नहीं किया है T20I में डेब्यू
विमुक्ति ने श्रीलंका के लिए अभी तक कोई भी T20I मैच नहीं खेला है। उन्होंने अभी तक सिर्फ वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया और वहां उन्हें तीन मैचों में खेलने का मौका मिला है। उन्हें मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने का मौका मिला था। वह इसी साल की शुरुआत में हुए ‘वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स’ टूर्नामेंट का हिस्सा थीं। वहां उन्होंने श्रीलंका ‘ए’ टीम के लिए एक टी20 मैच खेला था।
2024 टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका का प्रदर्शन रहा निराशाजनक
श्रीलंका की टीम इस टी20 वर्ल्ड कप के लिए 2 जून को ब्रिटेन के लिए रवाना हो चुकी है। इस टूर्नामेंट में लंकाई टीम चमारी अट्टापट्टू की कप्तानी में खेलती हुई नजर आएगी। यह अट्टापट्टू के करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप होगा। टीम इस बार अपने पिछले प्रदर्शन को सुधारना चाहेगी। साल 2024 के वर्ल्ड कप में टीम 9वें स्थान पर रही थी और ग्रुप स्टेज में अपने चारों मैच हार गई थी। इस बार श्रीलंका को ग्रुप 2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड के साथ रखा गया है।
T20 World Cup 2026 के लिए श्रीलंका का अपडेटेड स्क्वॉड
चमारी अट्टापट्टू , हासिनी परेरा, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना, सुगंदिका दासनायका, निमाशा मदुशानी, काव्या कविंदी, मल्की मदारा, मिताली अयोध्या, चेतना विमुक्ति।
ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका का शेड्यूल
- 12 जून: इंग्लैंड के खिलाफ
- 16 जून: न्यूजीलैंड के खिलाफ
- 21 जून: वेस्टइंडीज के खिलाफ
- 23 जून: आयरलैंड के खिलाफ
- 26 जून: स्कॉटलैंड के खिलाफ





