Varanasi News: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाराणसी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय राय उर्फ पमपम के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के जमनिया थाना क्षेत्र के देवरिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.

सीजीएम कोर्ट में पेशी के बाद ट्रांजिट रिमांड
CBI टीम ने आरोपी को वाराणसी से हिरासत में लेने के बाद सीजीएम कोर्ट में पेश किया. अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद जांच एजेंसी उसे अपने साथ आगे की पूछताछ के लिए ले गई. सूत्रों के अनुसार, आरोपी को मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष स्थान पर ले जाया गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.
पूर्वांचल के शूटरों के नाम आने से बढ़ी जांच की रफ्तार
इस हाईप्रोफाइल हत्या मामले में पहले ही पूर्वांचल के कई कथित शूटरों के नाम सामने आ चुके हैं. जांच के दौरान अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और विनय राय की गिरफ्तारी को इस मामले में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है. CBI इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की साजिश किसने रची और इसमें किनकिन लोगों की भूमिका रही.
स्थानीय नेटवर्क और संपर्कों की जांच
जांच एजेंसी अब आरोपी के स्थानीय नेटवर्क, संपर्कों और आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है. माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। CBI यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की योजना कहां और कैसे बनाई गई थी.
राजनीतिक हलकों में मामला संवेदनशील
यह मामला पश्चिम बंगाल की राजनीति में काफी संवेदनशील माना जा रहा है. चंद्रनाथ रथ को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का करीबी सहयोगी माना जाता था. इसलिए इस हत्या की जांच को लेकर शुरुआत से ही गंभीरता बरती जा रही है. फिलहाल CBI की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.





