उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार के तुरंत बाद एक बड़ा फैसला लिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल के साथ लोकभवन में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन पर आधारित फिल्म कृष्णावतारम् की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी. इसके बाद उन्होंने यूपी में इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा की. वहीं फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में राज्यपाल आनंदीबेन, दोनों डिप्टी सीएम और सभी मंत्री शामिल हुए.

फिल्म में सत्यभामा का मुख्य किरदार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिनी संस्कृति पटेल ने निभाया है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म के सभी कलाकारों को सम्मानित भी किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि मंत्रिमंडल विस्तार के दिन ही सभी मंत्री एक साथ इस विशेष फिल्म का प्रदर्शन देख रहे हैं. उन्होंने फिल्म को भारतीय परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम बताते हुए कहा कि पांच हजार वर्ष पुरानी घटनाओं को नए दृष्टिकोण और प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ दिखाया गया है.
सभी जिलों में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग होगी आयोजित
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म भगवान कृष्ण के जीवन और उनके रहस्यमय व्यक्तित्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करेगी. उन्होंने कहा कि बेटियों से कुछ मुफ्त नहीं लेने की परंपरा है. इसलिए सरकार फिल्म को प्रदेश में टैक्स फ्री कर रही है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। सूचना विभाग को निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी जिलों में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कर युवाओं को सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं से परिचित कराया जाए. राज्यपाल ने अपनी नातिनी संस्कृति पटेल सहित सभी कलाकारों और फिल्म से जुड़े लोगों के परिश्रम की सराहना की.
ढाई घंटे की है फिल्म
बताया जा रहा है कि ढाई घंटे की इस फिल्म में भगवान कृष्ण के राधा, रुक्मिणी, जामवंती और सत्यभामा के साथ संबंधों को अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है. फिल्म में सत्यभामा के माध्यम से कृष्ण के प्रेम की विविधता को भव्यता के साथ पर्दे पर उतारा गया है. राधा के प्रेम को समर्पण, रुक्मिणी के प्रेम को नियति, 16 हजार रानियों को नारी सम्मान और ईश्वर भक्ति के प्रतीक के रूप में दिखाया गया है. साथ ही यह भी दिखाया गया है कि नई पीढ़ी सवालों और संदेहों के बीच किस तरह ईश्वर की सत्ता को स्वीकार करती है.





