Hair Care Tips While Riding Scooty or Bike: आजकल ज्यादातर लोग ऑफिस, कॉलेज या अन्य कामों के लिए बाइक या स्कूटी का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। दोपहिया वाहन का इस्तेमाल आरामदायक सफर और समय की बचत जैसे कई फायदे पहुंचाता है। इस वजह से पुरुष ही नहीं बल्कि महिलाएं भी बड़ी संख्या में स्कूटी या बाइक पर सफर करती हैं। लेकिन सफर करते समय कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार धूप, धूल मिट्टी और प्रदूषण के चलते हेलमेट लगाने या स्कार्फ बांधने के बाद भी बाल उलझ जाते हैं और चिपचिपे हो जाते हैं। जिसके बाद कंघी करने पर काफी ज्यादा बाल टूटते हैं।

इस तरह की समस्या महिलाओं को ज्यादा होती है क्योंकि उनके बाल लंबे होते हैं। जब भी बाल हवा के संपर्क में आते हैं तो वह बुरी तरह उलझ जाते हैं। ऐसे में आप कुछ तरीकों की मदद से बालों को नुकसान पहुंचाने से बचा सकती हैं और बाइक या स्कूटी की राइड का मजा ले सकती हैं।
हेलमेट का सही चुनाव
बहुत ज्यादा टाइट हेलमेट बालों की जड़ों पर दबाव डाल सकता है। ऐसे में ढीला हेलमेट सफर के दौरान बारबार हिलता रहता है। इसलिए हमेशा सही फिटिंग का हेलमेट चुनें जिसके अंदर पैड साफ और आरामदायक हो। इससे बालों को कम नुकसान होगा।
हेलमेट पहनने से पहले कॉटन या सैटिन स्कार्फ का इस्तेमाल कर सकते हैं जिससे बालों को सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे बालों पर धूल और पसीने का असर कम होता है और बाल भी कम टूटते हैं।
बालों को सही तरीके से बांधना
अक्सर कई लोग स्कूटी या बाइक चलाते समय बालों को खुला रखते हैं और ऊपर से हेलमेट या स्कार्फ बांध लेते हैं। ऐसा करने से बाल आपस में ज्यादा उलझ सकते हैं। सफर के दौरान ढीली पोनीटेल, चोटी या लो बन जैसे हेयर स्टाइल कर सकती हैं जिससे बाल हवा में कम उड़ते हैं और कम उलझते हैं। खुले बालों में अक्सर गांठें पड़ जाती हैं जिन्हें सुलझाना बहुत ही मुश्किल होता है।
बालों की देखभाल
गर्मियों में बाल बहुत ज्यादा ड्राई और बेजान हो जाते हैं। ऐसे में हफ्ते में एक या दो बार ऑयलिंग करना फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा हेयर सीरम का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे बालों में नमी बनी रहती है जिससे बाल कम उलझते हैं। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा बालों की देखभाल के लिए सही पोषण भी जरूरी है। इसके लिए डाइट में विटामिन, मिनरल, प्रोटीन और आयरन से भरपूर चीजें खाएं।
रोजाना बाइक या स्कूटी पर सफर करने वालों के लिए बालों की देखभाल किसी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन कुछ आसान आदतों को अपनाकर बालों को धूल, प्रदूषण और हेलमेट से होने वाले नुकसान से काफी हद तक बचाया जा सकता है।





