भारतीय महिला क्रिकेट टीम 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी, जिसमें उसका पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तानी महिला टीम से होगा। टीम इंडिया का पिछले कुछ सालों में टी20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसकी बड़ी वजह कप्तान हरमनप्रीत कौर का बेहतरीन नेतृत्व भी है। ऐसे में सभी फैंस को टीम इंडिया से पहली महिला टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने की भी उम्मीद है। वहीं हरमनप्रीत जो अब तक सभी टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रही हैं उनके पास इस बार खुद को एक बतौर कप्तान स्पेशल क्लब में शामिल करने का मौका रहने वाला है।

हरमनप्रीत कौर को बनाने हैं सिर्फ 19 रन
महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग के नाम पर है, जिन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में कप्तान के रूप में 30 मुकाबले खेलते हुए 854 रन बनाए हैं। वहीं हरमनप्रीत कौर को लेकर बात की जाए तो वह इस मामले में चौथे नंबर पर हैं, जिसमें उनके नाम 19 मुकाबलों में कप्तानी करते हुए 32.06 के औसत से 481 रन दर्ज हैं। ऐसे में हरमनप्रीत कौर 19 रन बनाते ही महिला टी20 वर्ल्ड कप में 500 या उससे अधिक रन बतौर कप्तान बनाने वाली सिर्फ चौथी और पहली भारतीय बन जाएंगी। हरमनप्रीत कौर से आगे इस लिस्ट में मेग लैनिंग के अलावा चार्लोट एडवर्ड्स और चमारी अटापट्टू का नाम है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी
- मेग लैनिंग 854 रन
- चार्लोट एडवर्ड्स 768 रन
- चमारी अटापट्टू 500 रन
- हरमनप्रीत कौर 481 रन
- सूजी बेट्स 473 रन
हरमन और अटापट्टू के बीच दिखने वाली है जबरदस्त जंग
टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर और श्रीलंकाई महिला टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू के बीच में आगामी टी20 वर्ल्ड कप में एक जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी, जिसमें बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कौन नंबर1 की पोजीशन पर रहता है इसको लेकर रेस होगी। अभी हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर हैं, जिसमें उनके नाम 3145 रन दर्ज हैं। वहीं चमारी अटापट्टू को लेकर बात की जाए तो उन्होंने बतौर कप्तान 3131 रन बनाए हैं जिसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच सिर्फ 14 रनों का अंतर है।





